Maharashtra Weather : मुंबई और पुणे समेत महाराष्ट्र के कई जिलों में होगी बारिश, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट

Maharashtra Weather Update: कई राज्यों से मानसून 2023 विदा हो चुका है तो कुछ राज्यों से विदाई जारी है। इस बीच केरल और तमिलनाडु के साथ ही कई अन्य राज्यों में भी बारिश का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। उधर, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (Indian Meteorological Department) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, मुंबई और पुणे समेत महाराष्ट्र के कई जिलों में कहीं मध्यम स्तर की तो कहीं भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है।
महाराष्ट्र के कई जिलों में हो सकती है तेज बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, महाराष्ट्र के पुणे के अलावा कई अन्य जिलों में भारी बारिश के मद्देनजर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, राज्य के कुछ जिलों में बारिश के चलते येलो अलर्ट भी जारी किया है। इसके साथ ही यह भी कहा गया है कि रविवार को बारिश के मद्देनजर लोग सावधानी बरतें, क्योंकि जलभराव से यातायात भी प्रभावित हो सकता है।
रविवार को भी होगी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, एक कम दबाव का क्षेत्र पूर्वी विदर्भ से दक्षिण कोंकण की ओर तेजी से बढ़ रहा है। यही वजह है कि महाराष्ट्र के कोंकण के अलावा मध्य महाराष्ट्र में भी तेज बारिश का अलर्ट IMD की ओर से जारी किया गया है। मौसम विभाग ने पुणे और कोल्हापुर के लिए रविवार को भी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी
सिंधुदुर्ग, धुले, नंदुरबार, जलगांव, नासिक, अहमदनगर, सतारा, सांगली, सोलापुर,पालघर, ठाणे, मुंबई, रायगढ़, रत्नागिरी और छत्रपति समेत कई जिलों के लिए मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है
भारी बारिश के लिए चेतावनी
IMD ने अमरावती, भंडारा, बुलढाणा, चंद्रपुर, गढ़चिरौली, गोंदिया, नागपुर, वर्धा, वाशिम के अलावा, संभाजीनगर, जालना, परभणी, बीड, हिंगोली, नांदेड़, लातूर, धाराशिव, अकोला और यवतमाल जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है
4-5 दिन जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 4 से 5 दिनों तक कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र के अतिरिक्त कई जिलों में बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञानियों ने हालात और मौसम के मिजाज को देखते हुए घर से निकलने की सलाह दी है।




