Karni Sena Chief Murder Case : सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या को लेकर एक्शन में NIA, हरियाणा और राजस्थान में 31 जगहों पर की छापेमारी

नई दिल्ली – Sukhdev Singh Gogamedi Murder Case : जयपुर में राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के मामले में जांच एजेंसी की कार्रवाई जारी है।
बुधवार सुबह सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी हरियाणा और राजस्थान में 31 जगहों पर छापेमारी की और तलाशी लेने पहुंची। तलाशी अभियान फिलहाल जारी है। इस हत्या के मामले में पुलिस ने अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
राज्य पुलिस कर रही है एनआईए का सहयोग
राजस्थान पुलिस की टीम भी जांच में एनआईए का सहयोग कर रही है। राज्य पुलिस में अतिरिक्त महानिदेशक दिनेश एमएन ने इस मामले की जांच के लिए जयपुर के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कैलाश बिश्नोई के नेतृत्व में एसआईटी गठित की थी।
सुखदेव सिंह पर दो बदमाशों ने चलाई थी गोलियां

5 दिसंबर को सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के आवास पर उनसे मिलने के बहाने पहुंचे तीन बदमाशों ने उनपर 15 से ज्यादा गोलियां चलाई। स्कूटी पर आए 2 बदमाशों ने सुखदेव सिंह गोगामेड़ी से मिलने के बहाने उनसे बातचीत की। तकरीबन 10 मिनट तक बातचीत करने के बाद दोनों बदमाशों ने ताबतोड़ गोलियां चला दी। इस हत्या को लेकर राजपूत समुदाय में काफी आक्रोश दिखा। राजस्थान, एमपी सहित कई राज्यों में राजपूत समुदाय के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किए और दोषियों की कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की।
जब सुर्खियों में आए थे गोगामेड़ी
गोगामेड़ी फिल्म पद्मावत और गैंगस्टर आनंदपाल एनकाउंटर मामले के बाद राजस्थान में हुए विरोध प्रदर्शन के चलते सुर्खियों में आए थे। सुखदेव सिंह गोगामेड़ी राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। करणी सेना का गठन 2006 में हुआ था। लोकेंद्र सिंह कालवी ने एक अलग संगठन राजपूत करणी सेना बनाया। साल 2012 में सुखदेव सिंह गोगामेड़ी को श्री राजपूत करणी सेना का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था, लेकिन बाद में कालवी और गोगामेड़ी के बीच विवाद हो गया। सुखदेव सिंह गोगामेड़ी ने 2017 में श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के नाम से एक अलग संगठन बनाया था।




