
नई दिल्ली : दिल्ली शराब घोटाला केस के आरोपी मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान सुप्रीम कोर्ट के समक्ष दिल्ली शराब घोटाले में AAP को आरोपी बनाने का मुद्दा उठा है । मिली जानकारी के मुताबिक अब ईडी भी AAP को आरोपी बनाने की तैयारी कर रही है।
SC ने कहा- ‘पार्टी इस केस में क्यों नहीं शामिल’?
जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने ED और CBI से कहा था कि अगर PMLA के तहत शराब घोटाले से पार्टी को सीधे फायदा पहुंचा, तो पार्टी इस मुकदमे में क्यों नहीं शामिल है? उसे आरोपी या पक्षकार क्यों नहीं बनाया गया है? दरअसल सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने एक अहम टिप्पणी करते हुए कहा कि ‘हम यह साफ करना चाहते हैं कि हमने कल सिर्फ एक कानूनी सवाल पूछा था। हमारा सवाल था कि A और B को आरोपी बनाया गया है और C को फायदा पहुंचा है, तो उसे आरोपी क्यों नहीं बनाया गया।’
‘किसी के खिलाफ सबूत मिलता है, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा’
जस्टिस संजीव खन्ना की अध्यक्षता वाली बेंच मामले की सुनवाई कर रही है। सुनवाई के वक्त सिसोदिया के वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने यह सवाल उठाया था कि मीडिया में चल रहा है कि अदालत ने AAP को आरोपी बनाने के लिए कहा है। जिसके बाद ईडी के वकील एडिशनल सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू भी वहीं मौजूद रहे। उन्होंने दलील देते हुए कहा कि अगर किसी के खिलाफ सबूत मिलता है, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। अभिषेक मनु सिंघवी ने जस्टिस संजीव खन्ना की बेंच के सामने एक चार्ट रखा जिसमें CBI और ED की ओर से दर्ज केस में हुई कल की गिरफ्तारियों और सह आरोपियों को जमानत मिलने की तारीख का ब्यौरा था।




