Rajasthan Election 2023 : जानिए टिकट ऐलान के बाद ममता क्यों आ गईं चर्चा में, कांग्रेस के इस नेता का वसुंधरा राजे से है क्या है खास कनेक्शन?

Rajasthan Election 2023 : राजस्थान कांग्रेस ने लंबे इंतजार के बाद शनिवार दोपहर अपने 33 प्रत्याशियों की सूची घोषित कर दी है। इसके साथ ही बीजेपी ने अपनी दूसरी लिस्ट भी जारी कर दी और 83 उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया। इस सूची में कांग्रेस ने दौसा के सिकराय से उम्मीदवार के रूप में ममता भूपेश को फिर से मौका दिया है। ममता भूपेश गहलोत सरकार में महिला एवं बाल विकास विभाग की मंत्री रह चुकी हैं। राजनीति में उन्हें वसुंधरा की हमशक्ल के तौर पर भी देखा जाता है।
कौन हैं कांग्रेस प्रत्याशी ममता भूपेश?
ममता भूपेश गहलोत सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुकी हैं। 2018 में ममता ने सिकराय से विधायक का चुनाव जीता। 50 साल की ममता भूपेश ने 2018 के चुनाव में बीजेपी के विक्रम बंसीवाल को 33,783 वोटों से हराया। इसके बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उन्हें महिला एवं बाल विकास विभाग का कैबिनेट मंत्री बनाया। राजनीतिक गलियारों में ममता भूपेश को बीजेपी की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की हमशक्ल के तौर पर भी जाना जाता है।
वसुंधरा राजे की हमशक्ल को लेकर ताजा उदाहरण करीब 9 महीने पहले जयपुर के राजभवन में संविधान पार्क के उद्घाटन समारोह के दौरान देखने को मिला था। कैबिनेट मंत्री ममता भूपेश जब समारोह में पहुंची तो कार्यक्रम का संचालन कर रहे उद्घोषक ने दूर से ही ममता भूपेश को वसुंधरा राजे समझ लिया। समारोह में उन्होंने घोषणा करते हुए कहा, ‘बीजेपी की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी हमारे बीच हैं। जिनका हम अभिनंदन करते हैं। बाद में जब वहां मौजूद लोग हंसने लगे तो उद्घोषक को अपनी गलती का एहसास हुआ और उन्होंने गलती सुधारते हुए कहा कि मुझे दूर से देखने पर ऐसा लग रहा था मानो वसुंधरा राजे आ गई हों।
इस कारण सुर्खियों में आईं थी ममता भूपेश
कैबिनेट मंत्री ममता भूपेश ने हाल ही में अपने जन्मदिन पर मृत्यु के बाद अपना शरीर दान करने की घोषणा की थी। इसके बाद वह राजनीतिक सुर्खियों में आ गईं। उन्होंने कहा कि वह अपने शरीर का हर अंग दान करेंगी। आपको बता दें कि ममता भूपेश के पति आईएएस डॉक्टर घनश्याम बैरवा हैं। अपना 50वां जन्मदिन मनाते हुए ममता भूपेश ने मृत्यु के बाद अपना शरीर दान करने की घोषणा की।
ममता भूपेश ने सिकराय को जीत का भरोसा दिलाया
कांग्रेस की 33 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी होने के बाद इसमें सिकराय विधानसभा से ममता भूपेश का नाम सामने आया। इसके बाद मीडिया से बात करते हुए ममता भूपेश ने कहा, ‘मैं धन्यवाद देना चाहूंगी कि पार्टी ने मुझ जैसे साधारण कार्यकर्ता पर भरोसा दिखाया और मुझे सिकराय से दोबारा मौका दिया है। उन्होंने पार्टी को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए विकास कार्यों और जनता के विश्वास के दम पर वह एक बार फिर सिकराय सीट जीतकर कांग्रेस की झोली में डालेंगे।




