राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 31 अगस्त को छत्तीसगढ़ का करेंगी दौरा, छात्रों को करेंगी सम्मानित

नई दिल्ली : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पहली बार 31 अगस्त को छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगी। द्रौपदी मुर्म राष्ट्रपति बनने के बाद से यह पहला छत्तीसगढ़ का दौरा है। मुर्मू प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय कार्यक्रम में भाग लेंगी। इसके साथ ही 1 सितंबर को राष्ट्रपति बिलासपुर दौरे पर रहेंगी। बिलासपुर में द्रौपदी मुर्मू गुरू घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। इसके बाद राष्ट्रपति दिल्ली के लिए रवाना होंगी। राष्ट्रपति दौरे से पहले प्रदेश में प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। सुरक्षा की तैयारियों के बारे में डीएम डॉ सर्वेश्वर भूरे ने अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।
प्रशासन ने लिया सुरक्षा का जायजा
द्रौपदी मुर्मू 31 अगस्त से 1 सितंबर तक छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगी। जिसके बाद जिले के प्रशासन ने सुरक्षा की तैयारियों को लेकर बैठक की। बैठक में डीएम ने राष्ट्रपति के प्रवास के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों और मापदंडों के अनुसार तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रपति के रायपुर में आने-जाने के रास्तों पर व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। डॉ भूरे ने कार्यक्रम स्थलों पर वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त स्थान चिन्हांकित करने के निर्देश दिए। इस दौरान डीएम डॉ भूरे ने राष्ट्रपति के दौरे के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल अनुसार चिकित्सा व्यवस्था, भोजन व्यवस्था आदि भी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
ब्रम्हकुमारी ईश्वरी ट्रस्ट शांति सरोवर मे करेंगी शिरकत
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर में दर्शन करने के बाद बिलासपुर स्थित गुरू घासीदास केन्द्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शिरकत करेंगी। दीक्षांत समारोह सुबह 11 बजे से शुरू होगा। इसके बाद वे बिलासपुर से रायपुर आएंगी और विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी। कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 31 अगस्त को सुबह 10 बजे विमान से रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल पहुंचेंगी। इसके बाद वे रायपुर स्थित प्रजापिता ब्रम्हकुमारी ईश्वरी ट्रस्ट शांति सरोवर में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगी।
इसके साथ ही द्रौपदी मुर्मू महंत घासी दास संग्रहालय का दौरा भी करेंगी। इसके साथ ही प्रदेश के राज्यपाल विश्व भूषण हरिचंदन भी उनके साथ रहेंगे। यात्रा के दौरान राष्ट्रपति के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौजूद रहेगी। वहीं यात्रा के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की गई है। इस दौरान उनके सम्मान में राजभवन में रात्रि भोज का भी आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रपति राजभवन में रात्रि विश्राम करने के बाद अगले दिन 1 सितंबर को हेलीकॉप्टर द्वारा बिलासपुर जाएंगी।
छात्रों को करेंगी सम्मानित
गुरू घासीदास केन्द्रीय विश्वविद्यालय 10वें दीक्षांत समारोह में शैक्षणिक सत्र 2021-22 की विभिन्न परीक्षाओं (स्नातक, स्नातकोत्तर व पत्रोपाधि) में मेरिट सूची में प्रथम स्थान पाने वाले विद्यार्थी शामिल होंगे। इसके साथ ही वह शोधार्थी जो 1 जनवरी 2022 से 31 दिसंबर 2022 के मध्य पीएचडी उपाधि के लिए पात्र है वे सभी इस समारोह शामिल होंगे। 10वें दीक्षांत समारोह में 28 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि और 76 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक दिए जायेंगे। इनमें विश्वविद्यालय पदक, चांसलर पदक और गुरु घासीदास विश्वविद्यालय पदक और दानदाता पदक भी शामिल है।




