Lok Sabha Election 2024 : अकबरपुर लोकसभा सीट से देवेंद्र सिंह भोले तीसरी बार बने बीजेपी प्रत्याशी, 1991 में रखा था राजनीति में कदम

कानपुर – Lok Sabha Election 2024 : वर्ष 2014 भाजपा के लिए बड़ा वर्ष था जब नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने थे और उसी चुनाव में देवेंद्र सिंह भोले ने भी अकबरपुर लोकसभा क्षेत्र का चुनाव जीत कर संसद में कदम रखा था। 2019 में जीत के बाद पार्टी की अपेक्षाओं पर खरे उतरने की वजह से वह अब तीसरी बार भी अकबरपुर लोकसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में हैं।

शनिवार को पार्टी ने शाम को प्रत्याशियों की सूची जारी की तो इसमें उनका भी नाम था और घोषणा होते ही बधाइयों का दौर शुरू हो गया। समर्थकों के साथ सांसद देवेंद्र सिंह भोले आनंदेश्वर व पनकी मंदिर पहुंचे और प्रभु का आशीर्वाद लिया।
भोले पर बीजेपी ने जताया भरोसा
अकबरपुर से टिकट के लिए बिठूर के विधायक अभिजीत सिंह सांगा, फतेहपुर के पूर्व विधायक विक्रम सिंह और पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी भी दावेदारी कर रहे थे, लेकिन पार्टी ने देवेंद्र सिंह भोले पर लगातार तीसरी बार भरोसा जताया है। और बीजेपी प्रत्याशी घोषित किया है।
राजनीतिक सफर
कानपुर देहात की डेरापुर विधानसभा सीट से 1991 में पहली बार भाजपा के टिकट पर रामलहर में देवेंद्र सिंह भोले ने जीत दर्ज की थी। 1996 के वह विधानसभा पहुंचे तो स्वास्थ्य राज्यमंत्री भी बने। इसके बाद 2014 में उन्हें लोकसभा चुनाव में टिकट मिला।
अकबरपुर लोकसभा क्षेत्र से वह मैदान में उतरे और उस समय बसपा के प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरे अनिल शुक्ल वारसी को हराकर संसद पहुंचे। 2019 में भी पार्टी ने देवेंद्र सिंह भोले ने मैदान में उतारा। इस चुनाव में उन्होंने बसपा की निशा सचान को 2,75,142 वोटों से हराया।
देवेंद्र सिंह भोले ने जताया आभार
आपको बता दे कि उन्होंने अपने सोशल मीडिया एकॉउंट X पर लिखा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का बहुत-बहुत आभार। अकबरपुर की जनता को भी मैं इस अवसर पर हाथ जोड़ कर प्रणाम करता हूं। उन्होंने आगे कहा, जिस तरह से मेरी क्षेत्र की जनता ने हमेशा मेरा साथ दिया और हमेशा मुझ पर विश्वास किया, उसके लिए हमेशा उनका कृतज्ञ रहूंगा। एक किसान के बेटे को जनता ने आज कहां लाकर खड़ा कर दिया है, ये सिर्फ और सिर्फ जनता के आशीर्वाद और स्नेह से ही संभव है।




