खेल

World Cup 2023 : IND vs ENG: शतक से चूकने के बावजूद रोहित ने बनाए रिकॉर्ड, 100वीं अंतरराष्ट्रीय कप्तानी में की विस्फोटक बल्लेबाजी

World Cup 2023 : भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा को उनके प्रशंसक यूं ही हिटमैन नहीं कहते। जब वह मैदान पर आते हैं तो विपक्षी टीम के गेंदबाज इस डर से कांपते रहते हैं कि कहीं हिटमैन का बल्ला अपने रौद्र रूप में न आ जाए। अगर ये आएगा तो ना सिर्फ खूब चौके-छक्के लगेंगे बल्कि कई वर्ल्ड रिकॉर्ड भी टूटेंगे। अब वर्ल्ड कप 2023 में इंग्लैंड के खिलाफ मैच को ही ले लीजिए। रोहित शर्मा ने मैदान पर उतरते ही 100 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत की कप्तानी कर खास रिकॉर्ड लिस्ट में अपना नाम दर्ज करा लिया। इसके बाद जब उन्होंने 18 हजार रन पूरे किए तो उन्होंने एक कैलेंडर ईयर में वनडे में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में क्रिस गेल की बराबरी कर ली। हालांकि, वह अपना 32वां वनडे शतक लगाने से चूक गए।

रोहित शर्मा ने तूफानी अंदाज में खोला टीम का खाता

लखनऊ के एकाना स्टेडियम में पारी का पहला ओवर खेलने के बाद रोहित शर्मा ने तीसरे ओवर में डेविड विली को निशाना बनाया और लगातार चौका-छक्का लगाकर अपना खाता खोला। इस ओवर में उन्होंने एक और छक्का जड़ा और क्रिस वोक्स, मार्क वुड और आदिल राशिद की गेंदों पर चौका भी लगाया। इस दौरान 16वें ओवर में वह रन आउट होने से बचे और एक कैच भी छूटा। उन्होंने 21वें ओवर की तीसरी गेंद पर आदिल को चौका लगाकर अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 18 हजार रन पूरे किए और 24वें ओवर में मार्क वुड की गेंद पर डबल लेकर 66 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।

क्रिस गेल के बड़े रिकॉर्ड की बराबरी

इसके बाद अगली ही गेंद पर छक्का लगाकर उन्होंने एक कैलेंडर वर्ष में वनडे में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में क्रिस गेल की बराबरी कर ली। यह उनका 56वां छक्का था। अब उनसे आगे सिर्फ एबी डिविलियर्स हैं। दक्षिण अफ्रीका के इस विस्फोटक ओपनर के नाम एक कैलेंडर वर्ष में 58 छक्के हैं। इस बीच गिल, विराट, श्रेयस और केएल राहुल के विकेट गिरे, लेकिन रोहित का बल्ला रन उगलना नहीं रुका।

13 रनों से चूक गया शतक

इस बीच, रोहित शर्मा विश्व कप में अपने दूसरे और कुल 8वें शतक की ओर बढ़ते दिख रहे थे, लेकिन लियाम लिविंगस्टोन ने एक अद्भुत कैच लिया और हिटमैन की पारी का अंत कर दिया। उन्होंने 101 गेंदों में 10 चौके और 3 छक्के लगाते हुए 87 रनों की पारी खेली। ये कैच इतना अद्भुत था कि किसी को भी यकीन नहीं हो रहा था कि लियाम ने इसे कैसे पकड़ा। आदिल रशीद की गेंद पर फिसलने के दौरान उनके घुटने में चोट लग गई। हालांकि, कैच साफ़ रहा।

REPUBLIC NOW

Republicnow.in एक स्वतंत्र डिजिटल न्यूज़ चैनल है, जो आपको सबसे तेज और सटीक खबरें प्रदान करता है। हमारा लक्ष्य है कि हम दुनिया भर की महत्वपूर्ण और प्रासंगिक खबरें आप तक पहुँचाएँ। राजनीति, मनोरंजन, खेल, बिज़नेस, टेक्नोलॉजी, और अन्य विषयों पर हमारी निष्पक्ष और प्रमाणिक रिपोर्टिंग हमें सबसे अलग बनाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button