अयोध्या दौरे पर कल CM योगी, कांवड़ यात्रा, प्रशासनिक समीक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर जारी हुए निर्देश

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल अयोध्या के दौरे पर रहेंगे। वे सुबह 9:30 बजे राम कथा पार्क हेलीपैड पहुंचेंगे और सबसे पहले हनुमानगढ़ी व रामलला के दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री रामपुर हलवारा गांव में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत त्रिवेणी वन सिटी में पौधरोपण करेंगे। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
अलर्ट हुयी यूपी पुलिस
इसी के साथ श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है। नगर विकास मंत्री अरविंद शर्मा ने विभागीय समीक्षा करते हुए ऊर्जा विभाग को निर्देशित किया कि यात्रा के मार्गों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और स्ट्रीट लाइट्स को दुरुस्त किया जाए। उन्होंने कहा कि यात्रा श्रद्धा, सुरक्षा और स्वच्छता के साथ सम्पन्न होनी चाहिए।
सपा पर हमलावर हुए राजा भैया
इधर, राजा भैया ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि चंद्रशेखर जी के विचार लोहिया जी से प्रेरित थे और कांग्रेस मुक्त भारत का सपना जेपी व लोहिया का था। उन्होंने सपा नेताओं को भी लोहिया जी की धारणा का पालन करने की सलाह दी।
PCS अधिकारी को किया गया सस्पेंड
प्रशासनिक सख्ती के तहत PCS अधिकारी अरविंद कुमार सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है। वे देवरिया में ट्रांसफर के बावजूद कार्यभार ग्रहण नहीं कर रहे थे। मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है।
ब्यूटी पार्लर से गायब हुई नाबालिक
दूसरी ओर, फर्रुखाबाद में एक ब्यूटी पार्लर से 14 वर्षीय किशोर के गायब होने की सूचना मिली है। परिजनों ने दबंगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस जांच में जुटी है।
भानु गट ने रखी अपनी मांग
किसानों के मुद्दों को लेकर अलीगढ़ के खैर तहसील में भारतीय किसान यूनियन (भानू गुट) ने पंचायत कर 20 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन एसडीएम को सौंपा है।
कावड़ यात्रा को लेकर तैयार हुआ रोडवेज
कांवड़ यात्रा की तैयारियों के तहत हापुड़ डिपो में 126 बसों में से 80 BS-6 बसें लगाई गई हैं और यात्रियों की सुविधा के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग के साथ पानी आदि की व्यवस्था भी की गई है।
नवाब सिंह के गुर्गों की बढ़ी मुश्किलें
कन्नौज में नवाब सिंह यादव से जुड़े लोगों की करीब 1.46 करोड़ की संपत्ति कुर्क की गई है। यह कार्रवाई DM आशुतोष मोहन अग्निहोत्री के आदेश पर की गई है।
बिहार में जारी की जाएगी मतदाता सूची
बिहार में SIR आदेश के चार स्तंभ सार्वजनिक किए गए हैं। इस आदेश का उद्देश्य 7.89 करोड़ मतदाताओं तक पहुंच बनाना है। प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और समावेशी है। 1 अगस्त 2025 को प्रारूप मतदाता सूची जारी की जाएगी।
मेरठ में हुई मीटिंग
मेरठ में कांवड़ यात्रा को लेकर हाई लेवल मीटिंग आयोजित की गई। मुख्य सचिव और DGP की बैठक में निर्देश दिए गए कि शिविरों में शुद्धता सुनिश्चित की जाए और यात्रा मार्गों की मरम्मत समय से पूरी हो। डीजे की आवाज़ की तीव्रता 75 डेसीबल से अधिक नहीं होगी और कांवड़ की ऊंचाई 10 फीट व चौड़ाई 12 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए।
अंततः, सभी विभागों और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि कांवड़ यात्रा व श्रावण मास के आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और कानून व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।




