
UP Congress : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने बड़ा संगठनात्मक बदलाव किया है। राज्य के सभी 75 जिलों के लिए गुरुवार को जिला अध्यक्षों की घोषणा की गई है और इसके साथ ही महानगर अध्यक्षों के नामों का भी ऐलान कर दिया गया है। कांग्रेस ने राजधानी लखनऊ में जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी रुद्र दमन सिंह को सौंपी है।
इसके अलावा, बस्ती में जिला अध्यक्ष का पद विश्वनाथ चौधरी को सौंपा गया है। बुंदेलखंड क्षेत्र के लिए भी कांग्रेस ने नए जिलाध्यक्ष नियुक्त किए हैं, जिनमें झांसी में देशराज रिछारिया, ललितपुर में दया राम रजक, जालौन में अरविंद सेंगर और महोबा में संतोष धुरिया शामिल हैं।
कांग्रेस ने क्यों किए बदलाव
बता दें कि यह निर्णय कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करने के लिए लिया गया है, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी अपने जनाधार को विस्तार दे सके और हर क्षेत्र में प्रभावी ढंग से अपनी मौजूदगी बना सके। अजय राय ने लिस्ट जारी करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस के सभी नवनियुक्त जिलाध्यक्ष गण एवं शहर अध्यक्षों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। निश्चित रूप से आप सभी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, जननायक श्री राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी व अविनाश पाण्डेय जी के जनहितकारी विचारों को जन-जन तक पहुंचा कर पार्टी को मजबूती प्रदान करेंगे।