Reliance Swadesh Store : रिलायंस रिटेल ने खोला पहला ‘स्वदेश स्टोर’, भारतीय शिल्प और कला से जुड़े उत्पाद मिलेंगे, नीता अंबानी ने दीप प्रज्वलित कर किया उद्घाटन

Reliance Swadesh Store : निजामों के शहर हैदराबाद से आज रिलायंस ने भारत की सदियों पुरानी कला को दुनिया के सामने रखने की शुरुआत कर दी है। रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी ने रिलायंस रिटेल के पहले ‘स्वदेश’ स्टोर को लॉन्च किया है।
20,000 वर्ग फुट में फैला यह स्वदेश स्टोर हैदराबाद के जुबली हिल्स में खोला गया है। नीता अंबानी ने बताया कि यह स्टोर पूरी तरह से भारतीय कला और शिल्प को समर्पित है। उन्होंने कहा कि भारत की सदियों पुरानी आर्ट और क्राफ्ट को दुनिया भर में पहुंचाने के उद्देश्य से इस स्वदेश स्टोर की शुरुआत की गई है। इस स्टोर में भारत के पारंपरिक कलाकारों और कारीगरों के उत्पाद व शिल्प बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे।
कारीगरों और शिल्पकारों की होगी कमाई
नीता अंबानी ने कहा कि रिलायंस के स्वदेशी स्टोर भारत की सदियों पुरानी कला को दुनिया के सामने पेश करने का जरिया बनेंगे और ये भारत के कारीगरों और शिल्पकारों की कमाई का जरिया बनेंगे। इन स्टोर्स पर हस्त शिल्प के अलावा हाथ से निर्मित खाद्द वस्तुएं व कपड़े जैसे उत्पाद भी खरीदारी के लिए उपलब्ध होंगे।
अमेरिका और यूरोप में भी स्वदेश खोलने की प्लानिंग
स्टोर की लॉन्चिंग पर नीता अंबानी ने कहा कि स्वदेश भारत की पारंपरिक कला और कारीगरों को बचाने और उन्हें आगे बढ़ाने की एक विनम्र पहल है और मेक इन इंडिया की भावना निहित है। यह हमारे कुशल कारीगरों और शिल्पकारों के लिए सम्मान के साथ जीविका चलाने का भी साधन बनेगा। वे वास्तव में हमारे देश का गौरव हैं। स्वदेश के माध्यम से हम उन्हें वह वैश्विक पहचान दिलाने की कोशिश करेंगे जिसके वे हकदार हैं। नीता ने कहा कि हम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिका और यूरोप में भी स्वदेश का विस्तार करने का प्रयास करेंगे।
NMACC में देखें देश के हुनरमंद कारीगरों का काम
बता दें कि मुंबई स्थित मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) में स्वदेश एक्सपीरियंस जोन बनाया गया है यहां आप भारत के हुनरमंद कारीगरों को काम करते हुए देख सकते हैं। उनसे बातचीत कर सकते हैं और खरीदारी कर सकते हैं। यहां बेचे गए सामानों की पूरी कमाई कारीगरों को ही मिलती है।
अगर आप स्वदेश स्टोर में उपस्थित किसी भी प्रोडक्ट के बारे में जानकारी चाहते हैं तो यहां ‘स्कैन एंड नो’ तकनीक की सुविधा भी है।
रिलायंस फाउंडेशन एक परोपकारी संस्थान है, जो रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड का हिस्सा है। इसकी संस्थापक व चेयरपर्सन नीता अंबानी हैं। यह संस्थान ग्रामीण इलाकों में विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्पोर्ट्स, महिला सशक्तिकरण, आपदा प्रबंधन व सभ्यता एवं विरासत समेत विभिन्न क्षेत्रों में परोपकारी काम कर रहा है। संस्थान ने अपने काम के जरिए 54200 गावों और कुछ शहरी इलाकों में 6.95 करोड़ लोगों तक अपनी पहुंच बनाई है।




