Nag Panchami 2023 Date: नाग पंचमी कब है? जानें सही तारीख, शुभ मुहूर्त और धन लाभ के उपाय

नई दिल्ली – Nag Panchami 2023: श्रावण मास की शुक्ल पंचमी को नाग पंचमी का त्योहार मनाया जाता है। सनातन धर्म की मान्यताओं के अनुसार, इस दिन नागों की पूजा का विधान है। नाग पंचमी पर भगवान शिव के गले में आभूषण के रूप में मौजूद नाग देव की पूजा होती है। नाग पंचमी पर पूजा करने से आध्यात्मिक शक्ति, अपार धन और मनोवांछित फल की प्राप्ति हो सकती है. आइए जानते हैं कि इस साल नाग पंचमी का त्योहार किस दिन मनाया जाएगा।
कब है नाग पंचमी? (Nag Panchami 2023 Date and Time)
इस वर्ष सावन शुक्ल पंचमी तिथि 21 अगस्त 2023 को रात 12 बजकर 21 मिनट से शुरू होगी और इसका समापन 22 अगस्त 2023 को दोपहर 2 बजे होगा। ऐसे में नाग पंचमी का त्योहार 21 अगस्त दिन सोमवार को मनाया जाएगा।
हिंदू धर्म में सदियों से नागों को पूजने की परंपरा चली आ रही है. ऐसी मान्यताएं हैं कि नाग पंचमी के दिन नाग देवता को दूध अर्पित करने से पुण्य फल की प्राप्ति होती है। नाग पंचमी के दिन अनंत, वासुकि, पद्म, महापद्म, तक्षक, कुलीर, कर्कट, शंख, कालिया और पिंगल नामक देव नागों की पूजा की जाती है।
नाग पंचमी 2023 शुभ संयोग
वैदिक पंचांग के अनुसार, नाग पंचमी पर श्रावण सोमवार व्रत के दिन रखा जाएगा। ऐसे में भक्तों को इस दिन भगवान शिव की उपासना का भी सौभाग्य प्राप्त होगा। बता दें कि नाग पंचमी के दिन चित्रा नक्षत्र, शुभ और शुक्ल युग का निर्माण हो रहा है। जिन्हें पूजा-पाठ के लिए अत्यंत फलदाई माना जाता है। चित्रा नक्षत्र पूर्ण रात्रि तक रहेगी, शुभ योग रात्रि 10:21 तक रहेगा और उसके बाद शुक्ल योग प्रारंभ हो जाएगा।
नाग पंचमी पूजा विधि
श्रावण शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान-ध्यान करें और व्रत का संकल्प लें। पूजा काल में एक साफ चौकी पर नाग देवता का चित्र या मिट्टी से बने हुए सर्प की मूर्ति स्थापित करें। इसके बाद नाग देवता को हल्दी, रोली, चावल, फूल इत्यादि अर्पित करें और दूध घी व चीनी मिलाकर चढ़ाएं। इसके बाद पूजा के अंत में नाग पंचमी व्रत कथा का श्रवण करें और आरती के साथ पूजा संपन्न करें।
नाग पंचमी पर्व का महत्व
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, नाग पंचमी पर्व के दिन नाग देवता की पूजा करने से और सांपों को दूध पिलाने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। नाग देवता भगवान शिव के प्रिय गणों में से एक हैं। ऐसे में इस दिन भगवान शिव और नाग देवता की उपासना करने से जीवन में सुख-समृद्धि आती है।