Gujarat Mass Suicide: सूरत में एक ही परिवार के सात लोगों ने की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

गुजरात – Gujarat Mass Suicide : डायमंड सिटी सूरत से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां सूरत के पालनपुर पाटिया इलाके में सामूहिक आत्महत्या से एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गई। शुरुआती जांच में पता चला है कि परिवार के सभी सदस्यों ने जहर खाया है। इस घटना के खुलासे के बाद हीरा नगरी में हड़कंप मच गया है। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला। इसमें किसी का नाम नहीं लिखा है। इसमें कुछ लोगों को पैसे देने का ब्यौरा लिखा है। आशंका है कि फर्नीचर कारोबार में सक्रिय परिवार ने कुछ लोगों को पैसा उधार दिया था। पैसे नहीं लौटाने पर परिवार के मुखिया ने यह कदम उठाया।
मरने वालों में छोटे बच्चे भी शामिल
पुलिस के मुताबिक, पालनपुर पाटिया इलाके में सिद्धेश्वर अपार्टमेंट की जी-1, सी-2 बिल्डिंग में रहने वाले मनीष सोलंकी ने परिवार में माता-पिता, पत्नी और तीन बच्चों को जहर देने के बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के आला अधिकारियों का काफिला मौके पर पहुंच गया। आस-पड़ोस के लोगों का कहना है कि फर्नीचर कारोबार से जुड़े होने के कारण मनीष सोलंकी काफी समय से आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे। उनके पास बड़े-बड़े कॉन्ट्रैक्ट हैं।
सूचना मिलते ही पहुंचे परिवार के लोग
सोलंकी परिवार की आत्महत्या के बाद परिजन भी वहां पहुंच गए हैं, लेकिन कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं। एक ही परिवार के सात सदस्यों की आत्महत्या की खबर सुनते ही आसपास के लोग भी दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों में यह भी चर्चा है कि मनीष भाई को लोगों से पैसे वापस लेने थे। कुछ स्थानीय लोग यह भी जानकारी दे रहे हैं कि परिवार काफी समय से आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। इसके बाद परिवार ने आत्महत्या कर ली। इस सनसनीखेज घटना के बारे में जानकारी मिल रही है कि परिवार ने आर्थिक तंगी से उबरने के लिए अपना फ्लैट बेचने का फैसला किया था, लेकिन जब फ्लैट नहीं बिक सका तो आखिरकार परिवार ने आत्मघाती कदम उठा लिया।


