
नई दिल्ली – विपक्ष द्वारा मोदी सरकार के खिलाफ पेश किए गए अविश्वास प्रस्ताव पर आज से लोकसभा में चर्चा होगी। यह चर्चा दोपहर 12 बजे से प्रारंभ होगी। इस दौरान पक्ष व विपक्ष के सभी सांसद लोकसभा में उपस्थित रहेंगे। अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा 8 अगस्त से लेकर 10 अगस्त तक होगी। 10 अगस्त को 4 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा में बोलेंगे इस दौरान वह मणिपुर सहित विभिन्न मुद्दों पर सरकार का पक्ष रखेंगे।
लोकसभा की सदस्यता बहाल होने के बाद राहुल गांधी भी अविश्वास प्रस्ताव पर होने वाली चर्चा में शामिल रहेंगे। जिसको लेकर कांग्रेस पार्टी उत्साहित है हालांकि विपक्ष के पास अविश्वास प्रस्ताव को पास कराने के लिए लोकसभा में बहुमत नहीं है। यहां अकेले भाजपा के पास ही पूर्ण बहुमत के 301 सांसद हैं। वहीं एनडीए के पास कुल 333 सांसद हैं।
अगर बात विपक्ष की जाए तो सभी दलों के कुल 142 सांसद हैं, जिसमें मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के भी 50 सांसद शामिल हैं। आंकड़ों की माने तो विपक्ष के पास अविश्वास प्रस्ताव पास कराने के लिए लोकसभा में बहुमत नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहले कार्यकाल के दौरान 2018 में भी लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव लेकर आया था लेकिन विपक्ष को तब भी मुंह की खानी पड़ी थी।




