रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए ईएलआई योजना को केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी, तीन करोड़ लोगों को लाभ

नई दिल्ली : देश में रोजगार सृजन को बढ़ावा देने और औपचारिक क्षेत्र में कामगारों की भागीदारी बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने रोजगार से जुड़ी प्रोत्साहन योजना ईएलआई (Employment Linked Incentive – ELI) को मंजूरी दे दी है।

क्या है ईएलआई योजना
इस योजना के अंतर्गत अतिरिक्त रोजगार सृजन के लिए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के माध्यम से प्रोत्साहन प्रदान किया जाएगा। खास बात यह है कि इस योजना का लाभ पहली बार नौकरी करने वालों को भी मिलेगा, जिससे अधिक से अधिक युवाओं को औपचारिक क्षेत्र में जोड़ने में मदद मिलेगी।

तीन करोड़ से अधिक लोगों को मिलेगा लाभ
अपर केन्द्रीय आयुक्त उदय बक्शी ने इस योजना को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह रोजगार क्षेत्र में नया अध्याय जोड़ेगी। उनके अनुसार, इससे तीन करोड़ से अधिक लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और सामाजिक सुरक्षा कवरेज भी बढ़ेगा।

सामाजिक सुरक्षा में होगी वृद्धि
उन्होंने आगे बताया कि ईएलआई योजना से पहली बार नौकरी में आने वाले युवाओं को औपचारिक रोजगार का हिस्सा बनने का अवसर मिलेगा। साथ ही उन्हें सामाजिक सुरक्षा कवरेज का लाभ मिलेगा, जो उनके भविष्य को सुरक्षित करेगा।

आर्थिक विकास को मिलेगा बल
इस योजना के लागू होने से न केवल रोजगार के नए अवसर बनेंगे बल्कि इससे मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में भी तेजी आएगी। इसके अतिरिक्त सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग (MSME) क्षेत्र में भी रोजगार के नए द्वार खुलेंगे, जिससे समावेशी आर्थिक विकास को बल मिलेगा।

सरकार का मानना है कि यह योजना देश के युवाओं के लिए आशा की किरण बनकर उभरेगी और साथ ही आत्मनिर्भर भारत अभियान को भी मजबूती देगी।




