माइक्रोसॉफ्ट में छंटनी की बड़ी लहर, वैश्विक मंदी के चलते 9,100 कर्मचारियों की नौकरी गई

नई दिल्ली : दुनिया की अग्रणी टेक कंपनियों में शुमार माइक्रोसॉफ्ट ने एक बार फिर बड़ा कदम उठाते हुए 9,100 कर्मचारियों की छंटनी कर दी है। कंपनी के इस फैसले से वैश्विक टेक उद्योग में हलचल मच गई है।

वैश्विक मंदी और लागत नियंत्रण बना कारण
जानकारी के मुताबिक, माइक्रोसॉफ्ट के इस निर्णय के पीछे वैश्विक आर्थिक सुस्ती, आय में गिरावट और खर्चों को नियंत्रित करने जैसे कारण प्रमुख हैं। कंपनी के कुल 2.28 लाख कर्मचारियों में से यह कटौती की गई है।

पहले भी हो चुकी हैं छंटनियाँ
इससे पहले मई और जून महीने में भी दो चरणों में करीब 6,000 कर्मचारियों की छंटनी की गई थी। और अब तीसरे चरण में यह संख्या और बढ़ गई है।

टेक कंपनियों में छंटनी का सिलसिला जारी
दरअसल, हाल के महीनों में कई वैश्विक टेक कंपनियां अपने खर्चों में कटौती और संरचनात्मक बदलावों के चलते बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की संख्या घटा रही हैं। माइक्रोसॉफ्ट का यह फैसला भी इसी श्रृंखला का हिस्सा है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम कंपनी के दीर्घकालीन वित्तीय संतुलन को बेहतर करने के उद्देश्य से उठाया गया है, हालांकि इससे हजारों कर्मचारियों के भविष्य पर असर पड़ा है।

आगे क्या?
फिलहाल, कंपनी ने संकेत दिए हैं कि वह बाजार की परिस्थितियों के अनुसार अपने संसाधनों का पुनर्गठन करती रहेगी। साथ ही टेक्नोलॉजी और नवाचार पर ध्यान केंद्रित रखेगी।




