
Bihar Goverment Job 2023 : बिहार में सत्तासीन नीतीश कुमार सरकार युवा बेरोजगारों को सरकारी नौकरी की सौगात देने जा रही है। इसे दिवाली का तोहफा भी माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, बिहार में जल्द ही शिक्षकों के 1 लाख से अधिक पद पर भर्ती होने वाली है। इसके लिए फिलहाल विज्ञापन निकालने की प्रक्रिया जारी है।
बताया जा रहा है कि बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) जल्द ही नियुक्तियों के विज्ञापन निकालने जा रहा है। इसके लिए BPSC ने बिहार के शिक्षा विभाग से रिक्त पदों को लेकर जानकारी मांगी है।
1 लाख से अधिक पद हैं रिक्त
बताया जा रहा है कि बिहार में शिक्षकों के 1 लाख से अधिक पद रिक्त है। ऐसे में माना जा रहा कि रिक्तियों की जानकारी मिलते ही BPSC पदों की भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर देगा।
माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक स्कूलों होगी नियुक्त
यहां पर बता दें कि बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव कई बार राज्य में शिक्षकों की भर्ती को लेकर मीडियाकर्मियों के समक्ष जिक्र कर चुके हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि शिक्षकों की भर्ती संबंधी रिक्तियों का विज्ञापन दिवाली से पहले निकाला जा सकता है। यह भी जानकारी सामने आ रही है कि शिक्षकों की अधिकतर नियुक्तियां माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक स्कूलों में होंगी।
यहां पर बता दें कि माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्कूलों के लिए अब तक 90 हजार 804 रिक्त पदों में से सिर्फ 49905 अभ्यर्थी ही चयनित हुए हैं। इस लिहाज से 40 हजार 899 पद रिक्त हैं।
प्राथमिक स्कूलों में भी होनी है भर्ती
बता दें कि 12वीं कक्षा तक के सृजित 37 हजार 710 पदों को शामिल करने पर रिक्तियों की संख्या 78 हजार 609 हो जाएगी। 31 हजार 982 पद छठी से आठवीं तक में रिक्त है। इन सभी रिक्तियों को जोड़ दिया जाए तो यह संख्या 1 लाख 10 हजार हो जाती है।
गौरतलब है कि बिहार में बेरोजगारी के मुद्दे पर चुनाव प्रचार और चुनाव घोषणा पत्र में राष्ट्रीय जनता दल ने कई तरह के वादे किए थे। इसमें सरकारी नौकरी भी देना शामिल था।




