
World Athletics Championship 2023: नीरज चोपड़ा ने बुडापेस्ट में चल रही वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जैवलिन थ्रो में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। उन्होंने दूसरे राउंड में 88.17 मीटर के थ्रो के साथ गोल्ड मेडल पर कब्जा जमा लिया। इसी के साथ वे वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। नीरज चोपड़ा की इस उपलब्धि पर उन्हें देशभर से बधाइयां मिल रही हैं। नीरज वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने वाले भारत के पहले एथलीट बन गए हैं। नीरज ने फाइनल मुकाबले में 88.17 मीटर का थ्रो फेंकते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। पाकिस्तान के अरशद नदीम दूसरे स्थान पर रहे और उनको सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।
नीरज ने रच दिया इतिहास
नीरज चोपड़ा के लिए फाइनल मुकाबले की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उनका प्रयास फाउल रहा। हालांकि, इसके बाद दूसरे प्रयस में हरियाणा के लाल ने अपना कमाल दिखाते हुए जैवलिन को 88.17 मीटर दूर फेंका और नंबर वन की पोजीशन हासिल कर ली। तीसरे प्रयास में नीरज ने 86.33 मीटर दूर थ्रो फेंका, तो चौथे अटेम्पट में भारतीय एथलीट ने भाला को 84.64 मीटर दूर थ्रो किया। हालांकि, नीरज के हाथ से छूटा उनका दूसरा थ्रो ही भारत के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ और वह गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाने में सफल रहे।
पाकिस्तान से मिली जोरदार टक्कर
नीरज चोपड़ा को वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान के अरशद नदीम से कड़ी टक्कर मिली। अरशद ने अपने तीसरे प्रयास में 87.82 मीटर का थ्रो फेंकते हुए एकबार को भारतीय फैन्स की सांसें अटका दी थीं, लेकिन वह नीरज के 88.17 मीटर के थ्रो को पार नहीं कर सके।
पहले भी क्वालिफिकेशन राउंड में एक थ्रो से किया था कमाल
वर्ल्ड चैंपियनशिप के क्वालिफिकेशन राउंड में नीरज चोपड़ा का प्रदर्शन उम्दा रहा था। नीरज ने पहले ही प्रयास में जैवलिन को 88.77 मीटर दूर फेंकते हुए फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली थी। वहीं, इसी थ्रो के दम पर नीरज ने साल 2024 में होने वाले पेरिस ओलंपिक का टिकट भी हासिल कर लिया था। पेरिस ओलंपिक में सीट बुक करने के लिए क्वालिफिकेशन मार्क 85.50 मीटर था, जिसको नीरज ने आसानी से पार कर लिया था।
आखिरी बार करना पड़ा था सिल्वर से संतोष
साल 2022 में वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में नीरज चोपड़ा को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा था। नीरज ने 88.13 मीटर दूर थ्रो फेंका था, लेकिन वह अपने विपक्षी खिलाड़ी ने 90 मीटर का थ्रो फेंकते हुए गोल्ड मेडल को अपने नाम कर लिया था। बता दें कि नीरज के करियर का बेस्ट थ्रो स्टॉकहोम में हुई डायमंड लीग में आया था। जहां भारतीय एथलीट ने 89.94 मीटर का थ्रो फेंकते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया था।
केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने बताया ऐतिहासिक क्षण
केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने स्वर्ण पदक जीतने पर नीरज चोपड़ा को बधाई दी। अनुराग ठाकुर ने एक्स पर लिखा, “नीरज चोपड़ा ने फिर कर दिखाया। भारतीय एथलेटिक्स के गोल्डन बॉय ने विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरुषों की भाला फेंक प्रतियोगिता जीती। इसी के साथ नीरज चोपड़ा वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। पूरे देश को आपकी उपलब्धियों पर गर्व है और यह क्षण भारतीय खेल इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा।
भू विज्ञान मंत्री किरेन रिजिजू ने लिखा,
‘नीरज चोपड़ा ने इतिहास रचा और उन्होंने भारत को एक बार फिर गौरवान्वित किया। वह विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरुषों का जैवलिन थ्रो खिताब जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। बधाई हो।