
UP Lekhpal Exam Date 2026 : उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने राजस्व लेखपाल भर्ती परीक्षा 2026 की तारीख घोषित कर दी है। आयोग के अनुसार लेखपाल मुख्य लिखित परीक्षा 21 मई 2026 (गुरुवार) को आयोजित की जाएगी।
यह परीक्षा पूरे प्रदेश में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी और इसे एक ही शिफ्ट में कराया जाएगा।
सुबह 10 बजे से 12 बजे तक होगी परीक्षा
आधिकारिक जानकारी के मुताबिक लेखपाल भर्ती की लिखित परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचने की सलाह दी गई है।
परीक्षा से जुड़ी अन्य जानकारी और एडमिट कार्ड जल्द ही आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर जारी किए जाएंगे।
7,994 पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती अभियान के तहत उत्तर प्रदेश में राजस्व लेखपाल के कुल 7,994 पदों को भरा जाएगा। चयन प्रक्रिया में PET (Preliminary Eligibility Test) स्कोर के आधार पर उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया गया है और इसके बाद मुख्य लिखित परीक्षा आयोजित की जा रही है।
कब शुरू हुई थी आवेदन प्रक्रिया
लेखपाल भर्ती 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 29 दिसंबर 2025 से शुरू हुई थी, जबकि आवेदन करने की अंतिम तिथि 28 जनवरी 2026 तय की गई थी।
इस भर्ती में वही उम्मीदवार शामिल हैं जिन्होंने UPSSSC PET परीक्षा पास की है।
जल्द जारी होगा एडमिट कार्ड
आयोग द्वारा परीक्षा से कुछ दिन पहले अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे। उम्मीदवार अपने रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि की मदद से आधिकारिक वेबसाइट से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।




