
योगी मंत्रिमंडल का विस्तार होने वाला है। इसमें दारा सिंह चौहान और ओम प्रकाश राजभर को मंत्री पद दिया जाएगा। राजभर को पंचायती राज का मंत्री बनाया जाएगा। वहीं, दारा सिंह के विधायकी से इस्तीफा देने से घोसी विधानसभा सीट खाली हो चुकी है। इस सीट से दारा सिंह एक बार फिर भाजपा के सिंबल पर उपचुनाव लड़ेंगे।
दलों को साथ लाने में जुटी भाजपा
2024 का लोकसभा चुनाव जीतने की कोशिश में जुटी भाजपा अपनी ताकत को बढ़ाने में जुटी है। राजभर और दारा सिंह को अपने पाले में करना भाजपा की इसी रणनीति का हिस्सा है। भाजपा अब ऐसे ही और दलों को भी साथ लाने और उनके जरिए विपक्ष को संदेश देने की तैयारी कर रही है। इसीलिए मंगलवार को दिल्ली के अशोका होटल में NDA के सभी सहयोगी दलों की बैठक हो रही है। इसमें खुद पीएम मोदी भी मौजूद रहने वाले हैं।
इस बैठक में भाग लेने के लिए यूपी में बीजेपी के सहयोगी दलों के अध्यक्ष भी दिल्ली पहुंच गए हैं। ओम प्रकाश राजभर मंगलवार सुबह लखनऊ से हवाई जहाज पकड़कर दिल्ली पहुंचे। जबकि निषाद पार्टी के अध्यक्ष और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद बीते तीन दिन से ही दिल्ली में ही हैं। वह अपने बीमार सांसद बेटे प्रवीण निषाद के इलाज के लिए एयर एम्बुलेंस से ही दिल्ली आ गए थे।
पूर्वांचल में भाजपा की चुनावी राह आसान करेगी सुभासपा
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के एनडीए में शामिल होने के बाद आगामी लोकसभा चुनाव में पूर्वांचल के डेढ़ दर्जन से अधिक सीटों पर भाजपा की राह आसान करेगा। लोकसभा चुनाव में बीजेपी 80 सीटों पर जीत का दावा कर रही है। जिसको पूरा करने के लिए पार्टी दम-ख़म से लगी है।




