World Cup Final 2023 : हार के बाद कहां चले गए रोहित शर्मा? हफ्ते भर बाद मिली फैंस को जानकारी

नई दिल्ली – ICC One Day World Cup 2023 : शानदार प्रदर्शन के बावजूद भारत को आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 में हार का सामना करना पड़ा। फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 6 विकेट से हरा दिया। इस पूरे सीजन में भारत सिर्फ एक बार हारा और वह भी फाइनल में। भारत की हार का गम खिलाड़ियों में साफ नजर आ रहा था। रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रित बुमराह, शमी और सिराज की आंखों से पता चला कि वे इस हार से कितने दुखी हैं।
क्या रोहित शर्मा ठीक हैं?
फाइनल में हार के बाद कप्तान रोहित शर्मा पूरी तरह से लोगों की नजरों से बाहर हो गए। यहां तक कि उन्हें किसी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी नहीं देखा गया। लोगों को लगने लगा कि रोहित शर्मा को हार से गहरा सदमा लगा है। लोगों को चिंता होने लगी कि क्या वह ठीक हैं? हालांकि, अब इन अटकलों पर विराम लग गया है।
एक दिन पहले भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने इंस्टाग्राम के जरिए एक पोस्ट शेयर किया था। जो फैंस को राहत देने जैसा है। दरअसल, हिटमैन ने रविवार को इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक तस्वीर पोस्ट की जिसमें वह अपने परिवार के साथ विदेश में छुट्टियां मनाते नजर आ रहे हैं। तस्वीर में रोहित शर्मा के अलावा उनकी पत्नी रितिका सजदेह नजर आ रही हैं।
पाकिस्तान-ऑस्ट्रेलिया ने सबको धोया, लेकिन..
वर्ल्ड कप 2023 में टीम इंडिया का प्रदर्शन ‘सुपर से भी ऊपर’ रहा। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत करने वाली टीम इंडिया ने लीग चरण में सभी टीमों को हराया। इस दौरान उन्होंने चिरप्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को भी बुरी तरह कुचल दिया था। लगातार 9 मैचों की जीत के साथ सेमीफाइनल में पहुंची टीम इंडिया का मुकाबला यहां न्यूजीलैंड से था। भारतीय खिलाड़ियों ने अपने दमदार प्रदर्शन के दम पर इस मुश्किल चुनौती पर काबू पा लिया, लेकिन फाइनल में उन्हें ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा।