
लखनऊ – यूपी के दस सरकारी अस्पतालों को बजट से संजीवनी मिली है। पांच सरकारी मेडिकल कॉलेजों और एक स्वायत्त संस्थान को बजट जारी किया गया है। मरीजों को बेहतर और आधुनिक इलाज मुहैया कराने के उद्देश्य से डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अस्पतालों को बजट जारी कर दिया है। धनराशि मिलने से अस्पतालों के संचालन में तेजी आएगी। वहां आधुनिक उपकरण लगाए जाएंगे।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि मरीजों की सुविधा के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। अस्पतालों को आधुनिक मशीनों से सुसज्जित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों पर मरीजों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। यही वजह है कि मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। पहले सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों के बैठने का समय तय नहीं था। इससे काफी हद तक सुधार हुआ है. डॉक्टर समय पर ओपीडी में आ रहे हैं। आपातकालीन सेवाओं में भी सुधार हो रहा है। मरीजों को निःशुल्क दवाएँ उपलब्ध करायी जा रही हैं। जांच की सुविधा भी निःशुल्क है। मरीजों को सीटी स्कैन एवं डायलिसिस की सुविधा निःशुल्क प्रदान की जा रही है। अस्पतालों को अपग्रेड किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हुआ है। इसके लिए सरकार की ओर से लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर एवं सुलभ बनाने के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जायेगी।
पांच मेडिकल कॉलेजों को मिले 95.646 करोड़ रुपये
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बताया कि पांच मेडिकल कॉलेजों के निर्माण और उपकरणों के लिए 95.646 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गई है। इसमें झांसी के राजकीय मेडिकल कॉलेज को 14.40 करोड़ रुपये, कानपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज को 17.30 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली है। मेरठ राजकीय मेडिकल कॉलेज को 28.80 करोड़ रुपये, आगरा राजकीय मेडिकल कॉलेज को 20.746 करोड़ रुपये का बजट जारी किया गया। राजकीय मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर को 14.40 करोड़ रुपये दिये गये हैं। वहीं, स्वायत्तशासी संस्था गोरखपुर श्री हनुमान प्रसाद पोद्दार कैंसर संस्थान को भी 20,00,000 रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गई है।
अस्पताल एवं अवमुक्त धनराशि
- जिला क्षयरोग चिकित्सालय, बस्ती 1,70,81,660
- जिला चिकित्सालय, बदायूं 1,96,73,070
- जिला चिकित्सालय, अयोध्या 5,10,55,788
- राजनरायण माहेश्वरी चिकित्सालय, शिकोहाबाद 2,58,28,126
- जिला महिला चिकित्सालय, बरेली 1,39,85,850
- जिला महिला चिकित्सालय, जौनपुर 1,37,24,502
- बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय, हाथरस 80,06,000
- टी०बी० सेनोटोरियम, सहारनपुर 63,97,110
- 100 शैयायुक्त चिकित्सालय, बलिया 60,28,030
- बलरामपुर चिकित्सालय, लखनऊ 10,12,59,980
- सुपर स्पेशियलिटी डेन्टल यूनिट, बलरामपुर, लखनऊ 2,40,11,400




