Aaj ka Itihas : आज ही के दिन टाइटैनिक अपने पहले सफर पर निकला था, चार दिन बाद डूब गया, 1500 से ज्यादा की गई थी जान, जानिए आज के इतिहास में और क्या है खास

नई दिल्ली – Aaj ka Itihas : आज ही के दिन 1912 में अपने समय का दुनिया का सबसे बड़ा जहाज टाइटैनिक अपने पहले और आखिरी सफर पर निकला था। ये जहाज 10 अप्रैल को ब्रिटेन के साउथैम्पटन बंदरगाह से न्यूयॉर्क के सफर पर निकला था, जो चार दिन बाद यानी 14 अप्रैल 1912 को उत्तर अटलांटिक महासागर में एक हिमखंड से टकराने के बाद दो टुकड़ों में बंटकर महासागर में डूब गया था।
1500 से ज्यादा लोगों की मौत
टाइटैनिक के डूबने से 1500 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी। टाइटैनिक का डूबना शांतिकाल का सबसे बड़ा समुद्री हादसा है।
टाइटैनिक को बनाने में लगे थे 3 साल
टाइटैनिक को इंग्लैंड की जहाज बनाने वाली कंपनी वाइट स्टार लाइन ने 20वीं सदी की शुरुआत में बनाया था। टाइटैनिक को बनाने में तीन साल का समय लगा था। इसके निर्माण का काम 1909 में शुरू हुआ था और यह 1912 में पूरा हुआ था।
2 अप्रैल 1912 को इसका समुद्री परीक्षण हुआ था और आखिरकार 10 अप्रैल 1912 को ये अपने पहले सफर पर निकला था, जो दुर्भाग्य से उसका आखिरी सफर साबित हुआ। अपना सफर शुरू करने के चौथे ही दिन यानी 14-15 अप्रैल की रात टाइटैनिक अटलांटिक महासागर में बर्फ के एक पहाड़ से टकरा गया था।
टाइटैनिक के डूबने को लेकर कई दावे
टाइटैनिक के एक्सीडेंट को लेकर अलग-अलग दावे किए जाते हैं। एक दावे के मुताबिक, जहाज के कैप्टन स्मिथ ने सागर में हिमखंड होने की चेतावनियों को नजरअंदाज किया और जहाज की स्पीड कम नहीं की। कहा जाता है कि टाइटैनिक के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद कई लाइफबोट को आधा खाली ही भेज दिया गया था, साथ ही ये लाइफबोट बाकी यात्रियों को लेने वापस भी नहीं लौटी थीं। ये भी जाता है कि टाइटैनिक में 3 दिन से आग लगी थी और इसकी जानकारी जहाज के कैप्टन और जहाज के कुछ सदस्यों को पहले से थी, लेकिन फिर भी उन्होंने ये बात छिपाए रखी, जो अंत में इस विशाल जहाज के डूबने की वजह बना।
टाइटैनिक पर बनी फिल्म ने जीते थे 11 ऑस्कर
1997 में इस जहाज के डूबने पर निर्देशन जेम्स कैमरॉन ने टाइटैनिक नाम से एक फिल्म बनाई थी, जिसने इस जहाज को पूरी दुनिया में मशहूर कर दिया। टाइटैनिक फिल्म को रिकॉर्ड 11 ऑस्कर अवॉर्ड मिले थे।
आज ही हुई थी ‘चंपारण सत्याग्रह’ की शुरुआत
महात्मा गांधी ने 1917 में आज ही के दिन बिहार के चंपारण में चंपारण सत्याग्रह की शुरुआत की थी। अंग्रेज चंपारण में किसानों से जबरन नील की खेती करवाते थे। किसानों को उनके खेत के 20 में से 3 हिस्सों में नील की खेती करने के लिए मजबूर किया जाता था। गांधी जी ने किसानों पर अत्याचार के विरोध में 10 अप्रैल 1917 को चंपारण में सत्याग्रह किया। इसके बाद उन्हें शांति भंग करने के आरोप में पुलिस ने हिरासत में ले लिया। गांधी जी की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही किसानों ने पुलिस स्टेशन और कोर्ट के बाहर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। चंपारण सत्याग्रह के आगे मजबूर होकर अंग्रेज सरकार को चंपारण कृषि विधेयक बनाना पड़ा। इससे यहां 135 सालों से चली आ रही नील की खेती धीरे-धीरे बंद हो गई।
पहले गैर-कांग्रेसी पीएम मोरारजी देसाई का निधन
आज ही के दिन देश के पहले गैर-कांग्रेसी पीएम मोरारजी देसाई का 1995 में निधन हुआ था। 29 फरवरी 1896 को गुजरात में जन्मे मोरारजी देसाई देश की पहली गैर-कांग्रेसी सरकार के प्रधानमंत्री थे।
1977 में हुए चुनावों में इंदिरा गांधी की हार के बाद मोरारजी देसाई जनता पार्टी सरकार के प्रधानमंत्री बने। हालांकि वह मात्र दो साल तक ही प्रधानमंत्री रह पाए। मोरारजी पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं जिन्हें भारत और पाकिस्तान के शीर्ष सम्मान ‘भारत रत्न’ और ‘निशाने-पाकिस्तान’ से नवाजा गया।
इतिहास में 10 अप्रैल के दिन की महत्वपूर्ण घटनाएं –
- 2019: खगोलविदों ने पहली बार किसी ब्लैक होल की फोटो जारी की। ये विशाल आकाशगंगा M87 के केंद्र में है।
- 2010: पोलैंड के राष्ट्रपति लेख काजिस्की और उनकी पत्नी मारिया की विमान दुर्घटना में मौत।
- 2008: भारतीय सर्वोच्च न्यायालय ने केंद्रीय शिक्षण संस्थानों और केंद्र सरकार से सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थाओं में अन्य पिछड़े वर्गों के छात्रों के लिए 27% आरक्षण को संवैधानिक मंजूरी दी।
- 2001: नीदरलैंड ने एक विधेयक पारित कर इच्छा मृत्यु को मंजूरी दी। वह इस तरह का कानून बनाने वाला दुनिया का पहला देश बना।
- 1982: भारत के बहुउद्देशीय उपग्रह इनसेट- 1 ए का सफल प्रक्षेपण।
- 1973: पाकिस्तान में नया संविधान लागू होने के बाद जुल्फिकार अली भुट्टो राष्ट्रपति की जगह प्रधानमंत्री बने।
- 1972: ईरान में भूकंप से करीब 5 हजार लोगों की मौत।
- 1962: मेजर धनसिंह थापा का जन्म, 1962 की लड़ाई में कई चीनी सैनिकों को मार गिराया। युद्ध के दौरान चीन ने बंदी बनाया। युद्ध के बाद देश लौटने पर परमवीर चक्र दिया गया।
- 1953: पहली कलर्ड 3-D मूवी हाउस ऑफ वैक्स न्यूयॉर्क में रिलीज हुई।
- 1941: पूर्व विदेश मंत्री और कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर का जन्म हुआ।
- 1932: हिंदुस्तानी संगीत की विख्यात गायिका किशोरी आमोनकर का जन्म हुआ। अतरौली जयपुर घराने की आमोनकर को 2002 में पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था।
- 1931: मशहूर लेखक खलील जिब्रान का निधन हुआ।
- 1894: भारतीय उद्योगपति घनश्यामदास बिड़ला का जन्म हुआ।
- 1875: स्वामी दयानंद सरस्वती ने आर्य समाज की स्थापना की।
- 1849: अमेरिका में वाल्टर हंट नाम के शख्स ने सेफ्टी पिन का पेटेंट लिया। बाद में उन्होंने इसे महज 400 डॉलर में बेच दिया।
- 1847: पुलित्जर पुरस्कारों के प्रणेता अमेरिकी पत्रकार और प्रकाशक जोसेफ पुलित्जर का जन्म।
- 1710: ब्रिटेन में दुनिया का पहला कॉपीराइट एक्ट लागू हुआ।
- 1633: लंदन में पहली बार केले की बिक्री शुरू हुई।