
श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में 11 अक्टूबर को IORA मंत्रिपरिषद की 23वीं बैठक होने वाली है। जिसकी मेजबानी श्रीलंका करेगा। इस बैठक में भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर समेत 16 देशों के वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे। विदेश मंत्रालय ने यहां रविवार को इंडियन ओसियन रिम एसोसिएशन (IORA) की इस बैठक के बारे में जानकारी दी।
IORA मंत्रिपरिषद की बैठक में हिस्सा लेंगे एस. जयशंकर
इस सिलसिले में विदेश मंत्रालय ने कहा कि विदेश मंत्री जयशंकर सहित 16 मंत्री 11 अक्टूबर को IORA मंत्रिपरिषद की 23वीं बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक में भारत के अलावा बांग्लादेश, ईरान, मॉरिशस, मलेशिया और दक्षिण अफ्रीका के विदेश मंत्री भी हिस्सा लेंगे। इसके साथ ही इस बैठक में सदस्य देशों ऑस्ट्रेलिया, कोमोरोस, फ्रांस, इंडोनेशिया, केन्या, मेडागास्कर, मालदीव, मोजाम्बिक, ओमान, सेशेल्स, सिंगापुर, श्रीलंका, सोमालिया, तंजानिया, थाईलैंड, संयुक्त अरब अमीरात और यमन की ओर से मंत्री एवं उच्च स्तरीय भागीदारी होगी।
मंत्रिपरिषद की बैठक में कई देशों की होगी भागीदारी
इसके अलावा IORA मंत्रिपरिषद की इस बैठक में वार्ताकार भागीदार देशों के रूप में चीन, मिस्र, सऊदी अरब, जर्मनी, इटली, जापान, कोरिया गणराज्य, रूस, तुर्किये, ब्रिटेन और अमेरिका की ओर से भी मंत्रिस्तरीय एवं उच्च स्तरीय नेताओं की भागीदारी होगी। इस मौके पर श्रीलंका के विदेश मंत्री अली साबरी परिषद की अध्यक्षता करेंगे। इसके साथ ही इस दौरान वर्तमान अध्यक्ष और बांग्लादेश के विदेश मंत्री ए के अब्दुल मोमेन अपने श्रीलंकाई समकक्ष को अध्यक्षता सौंपेंगे।
मंत्रिपरिषद IORA का निर्णय लेने वाला सर्वोच्च निकाय
दरअसल मंत्रिपरिषद IORA का निर्णय लेने वाला सर्वोच्च निकाय है। IORA 23 सदस्यों और 10 वार्ताकार भागीदारों वाला हिंद महासागर क्षेत्र का सबसे बड़ा एवं प्रमुख संगठन है। कोलंबो में होने वाली 23वीं मंत्रिपरिषद की बैठक में श्रीलंका 2023 से 2025 की अवधि तक के लिए IORA की अध्यक्षता हासिल करेगा।




