
नई दिल्ली: पीएम नरेंद्र मोदी 22 अगस्त को साउथ अफ्रीका के दौरे पर जाएंगे। यहां पीएम मोदी 15वें ब्रिक्स समिट में भाग लेंगे। ये समिट 22 से 24 अगस्त के बीच संपन्न होगा। यहां पीएम मोदी ब्रिक्स के नेताओं के साथ मुलाकात करेंगे और आर्थिक मदद, खाद्य सुरक्षा और संगठन के विस्तार जैसे कई मुद्दों चर्चा करेंगे। पीएम मोदी इससे पहले 2018 में दक्षिण अफ्रीका का दौरा कर चुके हैं। इसके साथ ही वो दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा से मुलाकात करेंगे। ये 2019 के बाद पहली बार होगा जब सभी नेता व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करेंगे।
जी20 के बाद पहली बार शी आमने-सामने होंगे
पीएम मोदी आर्थिक सहयोग, खाद्य सुरक्षा और ब्रिक्स के विस्तार से संबंधित मुद्दों पर चर्चा में भाग लेंगे। पीएम मोदी शिखर सम्मेलन में सदस्य देशों को एक-दूसरे के सुरक्षा हितों का सम्मान करने और आतंकवाद के खिलाफ आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होने की अपील कर सकते हैं। 2019 के बाद ये पहली बार होगा जब ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में 50 से अधिक देशों के नेता शामिल होंगे। इसमें दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा, चीन के शी जिनपिंग, ब्राजील के लुइज़ लूला दा सिल्वा और मोदी के शामिल होने की उम्मीद है। हलांकि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन नेताओं से ऑनलाइन जुड़ेंगे।
बता दे कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 अगस्त को दक्षिण अफ्रीका और ग्रीस के दौरे पर रवाना हो रहे हैं। मंगलवार की शाम को ही प्रधानमंत्री दक्षिण अफ्रीका के जोहानसबर्ग पहुंचेंगे। उसी दिन ब्रिक्स (BRICS) सम्मेलन की पूर्व संध्या पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। अगले दिन यानी 23 अगस्त को प्रधानमंत्री ब्रिक्स सम्मेलन में भाग लेंगे। रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद बने हालात में ब्रिक्स संगठन की भूमिका बेहद अहम हो गई है। 24 अगस्त को ब्रिक्स और अफ्रीकी देशों के सम्मेलन में भी प्रधानमंत्री मोदी भाग लेंगे। इसके अलावा ब्रिक्स संगठन के विस्तार को लेकर आयोजित सत्र में भाग लेंगे।
25 अगस्त को प्रधानमंत्री मोदी ग्रीस का दौरा करेंगे
40 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री का ग्रीस दौरा होगा। अपने दौरे में प्रधानमंत्री मोदी ग्रीस में अज्ञात सैनिक का मकबरा पर जाकर श्रद्धांजलि देंगे। ग्रीस के प्रधानमंत्री से उनकी द्विपक्षीय बातचीत होगी। प्रधानमंत्री मोदी ग्रीस में रहने वाले भारतीय समुदाय के लोगों को भी संबोधित करेंगे। ग्रीस में करीब दस हजार भारतीय रहते हैं। 25 अगस्त को ही प्रधानमंत्री मोदी स्वदेश के लिए रवाना हो जाएंगे।
शी जिनपिंग से मुलाकात पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब दक्षिण अफ्रीका में मौजूद रहेंगे उसी समय चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी वहां पर होंगे। दोनों नेता एक मंच पर कई बार आमने-सामने होंगे। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से द्विपक्षीय बातचीत की किसी संभावना को लेकर विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका ने ब्रिक्स सम्मेलन में भाग लेने के लिए सदस्य देशों के अलावा बहुत से दूसरे देशों को भी आमंत्रित किया है। ब्रिक्स सम्मेलन से अलग दूसरे नेताओं से प्रधानमंत्री मोदी के द्विपक्षीय मुलाकात के कार्यक्रमों को अभी तय किया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के शेड्यूल के मुताबिक मीटिंग फाइनल होने पर बाद में बताया जाएगा।
चंद्रयान 3 के लैंडिंग पर दक्षिण अफ्रीका से करेंगे संबोधित
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रिक्स सम्मेलन की व्यस्तता के बीच चंद्रयान-3 के लैंडिंग होने पर इसरो के कार्यक्रम में सीधे दक्षिण अफ्रीका से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ेंगे।
50 देश बनना चाहते हैं ब्रिक्स मेंबर
ब्रिक्स में अभी ब्राजील, रूस, चीन, भारत और दक्षिण अफ्रीका सदस्य हैं। दुनिया भर से करीब 50 देशों ने ब्रिक्स का सदस्य बनने की इच्छा जताई है। दो दर्जन देशों ने सदस्य बनने के लिए औपचारिक तौर पर आवेदन भी कर लिया है। भारत सम्मेलन के दौरान ब्रिक्स के विस्तार से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर खुलकर चर्चा करेगा।
ब्रिक्स की वैल्यू
ब्रिक्स के पास विश्व की 41.5 प्रतिशत आबादी है वहीं इस ग्रुप के पास विश्व की 32 प्रतिशत से अधिक की इकॉनमी का शेयर है। इसके अलावा इस ग्रुप के पास 3.21 बिलियन आबादी है।




