
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को पार्टी के केंद्रीय पदाधिकारियों की टीम में बदलाव करते हुए नई सूची में 13 उपाध्यक्षों और 9 महासचिवों की नियुक्ति की। पार्टी ने कर्नाटक के नेता सीटी रवि और असम से लोकसभा सांसद दिलीप सैकिया को राष्ट्रीय महासचिव पद से हटा दिया है।
सूत्रों की मानें तो ये दोनों 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) के पूर्व कुलपति तारिक मंसूर, जो अब उत्तर प्रदेश में भाजपा के एमएलसी हैं, को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। बीपेजी के इस फैसले को पसमांदा मुसलमानों के बीच पार्टी की पैठ बनाने का हिस्सा माना जा रहा है।
नई सूची में ज्यादातर पुराने पदाधिकारियों को उपाध्यक्ष, महासचिव और सचिव पद पर बरकरार रखा गया है। भाजपा के केंद्रीय पदाधिकारियों ने नई सूची में 13 उपाध्यक्ष, 9 महासचिव, संगठन प्रभारी के रूप में बीएल संतोष और 13 सचिव शामिल हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री और बिहार के पूर्वी चंपारण से लोकसभा सांसद राधा मोहन सिंह को पार्टी उपाध्यक्ष पद से हटा दिया गया है। दिग्गज कांग्रेस नेता एके एंटनी के बेटे अनिल एंटनी को राष्ट्रीय सचिव के रूप में पार्टी की केंद्रीय टीम में लाया गया है।
शुक्रवार को, जेपी नड्डा ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिवों के साथ लगभग 4 घंटे लंबी बैठक की अध्यक्षता की थी। इस बैठक में आगामी लोकसभा चुनाव, एनडीए बैठक, आउटरीच रणनीतियों और 5 राज्यों में चुनावी लड़ाई सहित महत्वपूर्ण विषयों पर ध्यान केंद्रित किया गया।


बीएल संतोष 2019 से महामंत्री पद पर
बीएल संतोष का पूरा नाम बोम्मराबेट्टू लक्ष्मीजनार्दन संतोष है। वे कर्नाटक के रहने वाले हैं। वे शिवल्ली ब्राह्मण समुदाय से आते हैं। उन्होंने इंस्ट्रूमेंटेशन टेक्नोलॉजी में इंजीनियरिंग की है। संतोष 1993 में RSS के पूर्णकालिक प्रचारक बन गए थे।
संतोष को 2014 में बीजेपी के तत्कालीन अध्यक्ष अमित शाह ने दक्षिणी राज्यों का प्रभारी राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री (संगठन) बना दिया था। इसके बाद 15 जुलाई 2019 को भाजपा में महामंत्री (संगठन) बने थे। इस बार भी उन्हें अपने पद पर बरकरार रखा गया है।
रमन, शिवराज और राजे को हार के बाद उपाध्यक्ष बनाया था
राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 2018 के विधानसभा चुनावों में पार्टी की हार के बाद तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने इन राज्यों के पूर्व मुख्यमंत्रियों- वसुंधरा राजे, शिवराज सिंह चौहान और रमन सिंह को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया था।
पिछले साल सितंबर में नई टीम बनाते समय भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राजे और रमन सिंह को बहाल रखा और 2014 से 2019 तक झारखंड के मुख्यमंत्री रहे रघुबर दास को भी उपाध्यक्ष बना दिया था। इससे पहले शिवराज सिंह चौहान की मुख्यमंत्री के तौर पर मध्य प्रदेश वापसी हो गई थी।