Agra Metro : आगरा को पीएम मोदी ने दिया खास तोहफा, मेट्रो को दिखाई हरी झंडी, सीएम योगी ने किया मेट्रो में सफर

आगरा – PM Narendra Modi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए आगरा मेट्रो को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। पीएम द्वारा मेट्रो को हरी झंडी दिखाने के बाद सीएम योगी ने मेट्रो में सफर भी किया। खास बात यह है कि ताज महल स्टेशन को ब्रज की संस्कृति के आधार पर सजाया गया। ताजमहल अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन से इसकी शुरुआत होगी।
मेट्रो उद्घाटन कार्यक्रम में सीएम योगी मौजूद

मेट्रो के उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल जी व केन्द्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी मौजूद रहे।
जानें कितना होगा आगरा मेट्रो का किराया

आगरा में मेट्रो के उद्घाटन के बाद आवागमन में आगरा के लोगों को बड़ी राहत मिली है। पहले फेज के तहत अभी केवल 6 किलोमीटर के लिए मेट्रो सेवा शुरू की गई है। फिलहाल इस ट्रैक पर 6 मेट्रो चलायी जाएंगी, जो 5 से 7 मिनट के अंतराल पर मिलेंगी। फिलहाल ये 3 कोच की होंगी। शुरुआत में इसका किराया 10, 15 और 20 रूपए तय किया गया है। पहली मेट्रो ट्रेन सुबह 6:00 बजे और आखिरी रात 10:00 बजे तक आपको मिलेगी।
जानिए कब कर पाएंगे आमजन सफर

उप्र मेट्रो रेल कारपोरेशन (यूपीएमआरसी) के उप महाप्रबंधक, जनसंपर्क पंचानन मिश्र ने बताया कि शुभारंभ समारोह के बाद मेट्रो का संचालन नहीं होगा। यात्रियों को सफर करने की अनुमति नहीं होगी। सात मार्च से मेट्रो जनता के लिए चलेगी। प्राथमिकता वाले कारिडोर में ताज पूर्वी गेट, कैप्टन शुभम गुप्ता, फतेहाबाद रोड, ताजमहल, आगरा किला और मन:कामेश्वर मेट्रो स्टेशन शामिल हैं।
सीएम योगी ने किया मेट्रो में सफर

शुभारंभ के बाद मुख्यमंत्री ने अतिथियों के साथ मेट्रो का सफऱ किया। सात मार्च की सुबह छह से रात 10 बजे तक जनता के लिए मेट्रो का संचालन शुरू होगा। पहले चरण में मेट्रो छह किमी के बीच चलेगी।