मोहाली: सुखबीर बादल समेत अकाली दल के कई वरिष्ठ नेता हिरासत में, बिक्रम मजीठिया केस में पेशी को जा रहे थे

मोहाली (पंजाब) : शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल और पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं को बुधवार को पंजाब पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वे विजिलेंस जांच के तहत गिरफ्तार अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया की कोर्ट पेशी के दौरान मोहाली अदालत पहुंचना चाहते थे।

हालांकि, सुरक्षा कारणों और संभावित विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोककर हिरासत में लिया।
क्या है मामला?
उल्लेखनीय है कि 25 जून 2025 को विजिलेंस ब्यूरो ने बिक्रम सिंह मजीठिया को आय से अधिक संपत्ति के मामले में गिरफ्तार किया था।

इसके अगले दिन, 26 जून को उन्हें मोहाली कोर्ट में पेश कर 7 दिन का रिमांड लिया गया था। यह रिमांड अवधि मंगलवार को समाप्त हो गई, जिसके बाद उन्हें बुधवार को दोबारा अदालत में पेश किया जाना था। इसी पेशी के दौरान अकाली दल के प्रमुख सुखबीर बादल और अन्य नेता समर्थन जताने के लिए कोर्ट जा रहे थे।

पुलिस का ऐहतियाती कदम
हालांकि, प्रशासन ने संभावित कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए रास्ते में ही इन नेताओं को हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि यह कदम जनहित और सुरक्षा के दृष्टिकोण से उठाया गया है। हिरासत में लिए गए नेताओं को पास के थाने में ले जाया गया और बाद में स्थिति सामान्य होने पर रिहा किया जा सकता है।

शिरोमणि अकाली दल की प्रतिक्रिया
अकाली दल ने इस कार्रवाई की आलोचना करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया है। पार्टी के प्रवक्ता ने कहा कि “शांतिपूर्वक अदालत जाने से रोकना अलोकतांत्रिक है। मजीठिया पर लगाए गए आरोप राजनीति से प्रेरित हैं।”




