Delhi : AAP विधायक अमानतुल्लाह खान के घर ED की रेड,जानिए किस मामले में हो रही ED की छापेमारी?

नई दिल्ली – Aam Aadmi Party – आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह के बाद अब विधायक अमानतुल्लाह खान के घर पर ED की टीम पहुंची है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, उनके घर पर ED फिलहाल मनी लॉड्रिंग के एक मामले में छापेमारी कर रही है। बता दें कि ईडी ने दिल्ली के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो द्वारा दायर एक FIR के आधार पर विधायक अमानतुल्ला खान के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग जांच शुरू की थी। आज यानी 10 अक्टूबर 2023 को प्रवर्तन निदेशालय इसी मामले में अमानतुल्लाह खान के घर पर पहुंची है।
PMLA के तहत की गई छापेमारी
प्रारंभिक सूचना के अनुसार, ईडी मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA) के प्रावधानों के तहत छापेमारी कर रही है और करीब तीन ठिकानों की तलाशी ली जा रही है। संघीय जांच एजेंसी ने दिल्ली वक्फ बोर्ड में गैरकानूनी नियुक्तियों से जुड़े कथित भ्रष्टाचार मामले में खान के खिलाफ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की एक प्राथमिकी और दिल्ली के भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो (ACB) की एक प्राथमिकी पर संज्ञान लिया है। खान को सितंबर 2022 में दिल्ली एसीबी ने गिरफ्तार किया था।
किस मामले में हो रही है छापेमारी?
प्रवर्तन निदेशालय ओखला से आम आदमी पार्टी विधायक अमानतुल्लाह खान के घर पर छापेमारी कर रही है। बता दें कि पिछले साल अमानतुल्लाह खान पर वक्फ बोर्ड की जमीन को लेकर घोटाला करने का आरोप लगा था। इसी आरोप को आधार बनाकर प्रवर्तन निदेशालय ने उनके घर पर यह छापा मारा है। पिछले साल एन्टी करप्शन ब्यूरो ने दिल्ली में अमानतुल्लाह खान से जुड़े 5 अलग-अलग ठिकानों पर रेड किया था। उस रेड में 12 लाख रुपये कैश, 1 बिना लाइसेंस वाली बरेटा पिस्टल और 2 अलग-अलग बोर के कारतूस बरामद हुए थे।




