
लखनऊ – उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ 45वें इंडिया कार्पेट एक्सपो का बतौर मुख्य अतिथि उद्घाटन किया। सीएम योगी ने निर्यातकों द्वारा लगाई गई कार्पेट शॉप्स का अवलोकन किया। उन्होंने जिला कारागार बन्दियों द्वारा हस्तनिर्मित कालीन के भी लगे स्टॉल का अवलोकन करते हुए बुनकरों की कारीगरी की सराहना की।
सीएम योगी ने एक्सपो मार्ट में थीम पवेलियन के उपरांत ओडीओपी व जीआई लाइव का डेमो देखा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कालीन उद्यम सम्बंधित योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को टूल किट व चेक का वितरण किया। इसके साथ ही बुनकरों को सम्मानित भी किया। उन्होंने लघु फिल्म प्रसारण व ब्रांड ‘कार्पेट’ का भी लोकार्पण किया। इसके उपरांत सीएम ने बुनकरों, निर्यातकों व आयातकों को सम्बोधित किया।
कुछ साल पहले था डर का माहौल- सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भदोही में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कुछ वर्ष पहले जिले में डर का माहौल था लेकिन अब लोगों के अंदर डर समाप्त हो चुका है। उसका परिणाम रहा कि आज भदोही के कारपेट एक्सपो मार्ट में विशाल अंतरराष्ट्रीय कालीन मेला का आयोजन किया गया है। जहां पर देश-विदेश के सैकड़ों खरीदार पहुंचे हैं। अब लोग यूपी में व्यवसाय एवं निवेश करना चाहते हैं, जो प्रदेश के लिए गौरव की बात है।
5000 करोड़ से अधिक का हुआ व्यवसाय
उन्होंने कहा कि 4 वर्षों में लोकल फार वोकल एवं ODOP योजना लागू होने के बाद 250 गुना उद्योग बढ़ा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने ग्रेटर नोएडा में कार्यक्रम आयोजित किया था जहां पर 5000 करोड़ से अधिक का व्यवसाय हुआ था जो अब तक का सबसे बड़ा सफल कार्यक्रम रहा।
यूपी की बन चुकी है अलग पहचान
उन्होंने कहा कि सरकार लगातार बुनकरों व कालीन उद्यमियों को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हस्त शिल्प कारीगरों को आगे बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि देश से जितना भी कालीन निर्यात होता है उनमें 60% कालीन भदोही मिर्जापुर वाराणसी से निर्यात किया जाता है। उन्होंने कहा कि यह गौरव की बात है कि अब उत्तर प्रदेश देश ही नहीं बल्कि विदेश में अपना अलग पहचान बन चुकी है ।




