World Cup 2023 : पूर्व क्रिकेटर डेव व्हाटमोर ने की बड़ी भविष्यवाणी, बताया- इन देशों के बीच खेला जाएगा सेमीफाइनल का मुकाबला

नई दिल्ली – World Cup 2023 : 1996 विश्व कप में श्रीलंका को जीत दिलाने वाले कोच और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर डेव व्हाटमोर ने आगामी आईसीसी क्रिकेट विश्व कप में भारत के अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद जताई है। डेव व्हाटमोर ने कहा है कि भारत चूंकि मेजबानी कर रहा है लिहाजा उसे हर जगह पर समर्थन मिलेगा, इसलिए उससे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।
इन टीमों के बीच खेला जाएगा सेमीफाइनल का मुकाबला
घरेलू मैदान पर भारत की बढ़त को स्वीकार करने के बावजूद, व्हाटमोर ने तुरंत इस बात पर जोर दिया कि यह विश्व कप काफी रोमांचक रहेगा। सेमीफाइनल के दावेदारों के अपने आकलन में, व्हाटमोर ने भारत, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड को सबसे आगे बताया।
टूर्नामेंट के छुपा रुस्तम है श्रीलंका
व्हाटमोर ने कहा कि क्रिकेट की इन महाशक्तियों ने वैश्विक मंच पर लगातार अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया है। और यही टीम सेमीफाइनल की रेस की मजबूत दावेदार मानी जा रही हैं। व्हाटमोर ने श्रीलंका को टूर्नामेंट के छुपा रुस्तम के रूप में माना है। उनके मुताबिक श्रीलंका की टीम टूर्नामेंट में किसी को भी पटखनी देने का माद्दा रखती है।




