Weather Alert Today : देश के इस हिस्से में होगी भारी बारिश, जानिए दिल्ली से लखनऊ तक के मौसम का हाल

नई दिल्ली – Weather Alert Today : आज यानी 29 सितंबर से पूर्वी भारत के राज्यों में भारी बारिश का नया दौर देखने को मिलेगा। साथ ही, अगले दो से तीन दिन के दौरान उत्तर पश्चिमी और पश्चिम मध्य भारत के हिस्सों से मॉनसून की वापसी के लिए स्थितियां अनुकूल रहेंगी। वहीं, देश के कुछ हिस्सों में धूप खिली रहेगी और लोगों को गर्मी झेलनी पड़ सकती है।
नई दिल्ली के मौसम का हाल

मौसम विभाग की मानें तो आज देश की राजधानी नई दिल्ली में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री और अधिकतम तापमान 35 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। वहीं, नई दिल्ली में आज आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। 30 सितंबर को नई दिल्ली में आसमान साफ रहने के आसार हैं।
उत्तर प्रदेश के मौसम का हाल

मौसम विभाग के मुताबिक, आज लखनऊ में न्यूनतम तापमान 29 डिग्री और अधिकतम तापमान 35 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। लखनऊ में आज आंशिकतौर पर बादल छाए रहेंगे। 30 सितंबर से लखनऊ में बारिश का सिलसिला देखने को मिलेगा। गाजियाबाद की बात करें तो आज न्यूनतम तापमान 25 डिग्री और अधिकतम तापमान 35 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। गाजियाबाद में आज आसमान साफ रहेगा।
अन्य राज्यों के मौसम का हाल

मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट की मानें तो आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में मध्यम से भारी बारिश संभव है। इसी के साथ, कोंकण और गोवा, तटीय कर्नाटक, केरल और मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ भारी बारिश हो सकती है। ओडिशा, झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, आंतरिक कर्नाटक और मराठवाड़ा में हल्की से मध्यम बारिश संभव है।



