भाजपा नेता की हत्या, तीन बदमाशों ने की अंधाधुंध फायरिंग, सीसीटीवी में हत्या की वारदात कैद

लखनऊ – मुरादाबाद में गुरुवार देर शाम भाजपा नेता अनुज चौधरी की उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। तीन हमलावरों ने भाजपा नेता पर कई राउंड फायरिंग की। गंभीर हालत में उन्हें एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हत्या की घटना सीसीटीवी में कैद
जानकारी के मुताबिक वारदात मुरादाबाद के थाना मझोला स्थित पार्श्वनाथ हाउसिंग सोसायटी की है। जहा लोगो ने बताया कि अनुज स्थानीय राजनीति में सक्रिय नेता थे। उन्होंने संभल के असमोली ब्लॉक से ब्लॉक प्रमुख का चुनाव भी लड़ा था, लेकिन जीत नहीं पाए थे। स्थानीय पुलिस ने बताया कि घटना एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। सीसीटीवी फुटेज में 30 वर्षीय अनुज को एक अन्य व्यक्ति के साथ अपने अपार्टमेंट के बाहर टहलते हुए देखा गया। तभी बाइक पर आए तीन लोगों ने उन पर कई बार राउंड फायरिंग कर दी।
स्वतंत्र देव सिंह के बेहद करीबी नेता थे
अनुज चौधरी के परिवार वालों ने हत्या के लिए राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस के मुताबिक, परिवार ने हत्या में शामिल होने के शक को लेकर अमित चौधरी और अनिकेत का नाम बताया है। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश कर रही है।
मुरादाबाद के एसएसपी हेमराज मीणा ने बताया कि अनुज चौधरी को अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। अनुज को अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कराया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि दो पक्षों के बीच आपसी दुश्मनी थी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें बनाई गई है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।




