
लखनऊ – देश भर में इन दिनों टमाटर के भाव में आसमान छू रहे है। टमाटर आम लोगों की पहुंच से दूर हो गया है जिससे खरीदारों की जेब ढीली हो रही है। अधिकांश लोग 220 रुपये प्रतिकिलो टमाटर का भाव सुनकर सब्जी की दुकान से खाली हाथ लौट रहे हैं। लेकिन, इस दौरान उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से राहत भरी खबर आ रही है। यहां 220 से 250 रूपये प्रतिकिलो बिकने वाला टमाटर एनसीसीएफ ने 70 रुपये में बेचने की शुरुआत की है।
सोमवार को शहर में एनसीसीएफ 9 जगहों पर स्टाल लगाकर 70 रुपये प्रति किलो की दर से टमाटर की बिक्री की गई। 70 रुपये किलो टमाटर का भाव सुनकर खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ देखकर लोगों को लाईन में लगवाना पड़ा और देखते ही देखते 80 क्विंटल टमाटर बिक गया।
इस दौरान सस्ते दामों में अच्छे टमाटर पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी देखते बन रही थी। वहीं आज मंगलवार को भी लोगों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए एनसीसीएफ शहर के 16 स्थानों पर टमाटर बिक्री का स्टाल लगाएगा।




