21 लाख के टमाटर चोरी, ट्रक लेकर गायब हुआ ड्राइवर

कोलार: कर्नाटक के कोलार से 21 लाख रुपए के टमाटर राजस्थान ले जा रहा ट्रक रास्ते से लापता हो गया। ट्रक ड्राइवर और क्लीनर से भी संपर्क नहीं हो पा रहा है। ट्रक के मालिक ने कहा- ड्राइवर ने अपने साथी के साथ मिलकर टमाटर चुराए हैं। दोनों के खिलाफ कोलार नगर थाने में शिकायत दर्ज करा दी गई है।
इन दिनों देश में टमाटर के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। टमाटर से किसानों और व्यापारियों ने तगड़ा मुनाफा कमाया है। लेकिन इसी के साथ टमाटर की चोरी और लूट की भी कई खबरें सामने आ रही हैं। ताजा मामला कर्नाटक के कोलार का है। यहां से राजस्थान के लिए निकला 21 लाख रुपये कीमत के टमाटरों से लदा ट्रक रहस्यमय ढंग से चोरी हो गया है।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, टमाटर चोरी की घटना के बाद व्यापारियों ने कोलार पुलिस में FIR दर्ज कराई, जिसमें कहा गया कि दो व्यापारियों ने 27 जुलाई को कोलार एपीएमसी यार्ड से राजस्थान के जयपुर तक टमाटर ले जाने के लिए ट्रक बुक किया था।
गौरतलब है कि थोक बाजार में टमाटर की कीमतें अभी भी 15 किलो के बॉक्स के लिए 2,000 रुपये के आसपास हैं। जबकि, खुदरा में टमाटर के दाम 150 से 200 रुपये किलो के बीच बढ़-घट रहे हैं। टमाटरों से लदे ट्रक को शनिवार रात जयपुर पहुंचना था। लेकिन ट्रक अपनी मंजिल तक नहीं पहुंचा. ऊपर से ड्राइवर का मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। ट्रक ऑपरेटर से संपर्क नहीं हो पा रहा हैं. किसी गड़बड़ी की आशंका जताते हुए कोलार के व्यापारियों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।




