आंध्र प्रदेश में युवक के साथ मारपीट के बाद उसके चेहरे पर पेशाब करने का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक युवक आदिवासी बताया जा रहा है। इस शर्मनाक हरकत का वीडियो करीब एक महीने पहले प्रकाशम जिले के ओंगोल शहर का बताया जा रहा है, जोकि बुधवार को सामने आया।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित मोटा नवीन अनुसूचित जनजाति समुदाय से ताल्लुक रखता है। उस पर 9 लोगों ने हमला किया है और दो लोगों ने उस पर पेशाब कर दिया। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी रामनजनेयुलु की पहचान कर ली गई है। आरोपियों में दो नाबालिग लड़के शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि पीड़ित नवीन और आरोपी रामनजनेयुलु बचपन के दोस्त थे। उनके खिलाफ आंध्र प्रदेश और अन्य राज्यों में चोरी के 50 मामले दर्ज थे।
ये था पूरा मामला
बताया जा रहा है कि करीब एक महीने पहले नौ युवकों के एक समूह ने नवीन नाम के शख्स पर हमला कर दिया और उसके साथ मारपीट की। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिख रहा है कि नवीन खून से लथपथ है और हमलावरों से छोड़ देने की गुहार लगा रहा है।
कुछ आरोपियों ने नवीन के चेहरे पर पेशाब कर दिया और उसे पीने के लिए कहा। ओंगोल पुलिस ने इस मामले में कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि मुख्य आरोपी फरार बताया जा रहा है।
MP से भी आई थी ऐसी वारदात
मध्य प्रदेश में भी एक ऐसी ही वारदात सामने आई थी, जहां एक शख्स ने आदिवासी मजदूर पर पेशाब कर दिया था। इसके बाद ओंगोल की घटना ने लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया है, जिसको लेकर आदिवासी समूहों ने कार्रवाई की मांग की है। मध्य प्रदेश की घटना को लेकर देशभर में विरोध देखने को मिला था, जिसको लेकर तमाम समाजसेवी संगठनों ने कार्रवाई की मांग की थी।