करनाल। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी SIR के मुद्दे पर संसद में चर्चा कराने के लिए विशेष सत्र बुलाने को तैयार है। अमित शाह ने राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर विशेष सत्र बुलाने की मांग करें। सरकार इस मुद्दे पर संसद में विस्तृत चर्चा कराने के लिए तैयार है।
वीरवार को करनाल में भाजपा की ओर से आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कांग्रेस पर संसद की कार्यवाही बाधित करने और जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।
600 जिलों में भाजपा का अभियान
अमित शाह ने कहा कि 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक देशभर के 600 जिलों में भाजपा ने अभियान चलाकर SIR को लेकर विपक्ष के आरोपों का जवाब दिया है। उन्होंने दावा किया कि इस अभियान को देशभर में व्यापक जनसमर्थन मिला है।
चुनावी हार को लेकर राहुल गांधी पर निशाना
गृह मंत्री ने कहा कि देश की जनता ने लगातार तीसरी बार नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री चुना है। इसके बाद विभिन्न राज्यों में हुए चुनावों में भी कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा है।
हरियाणा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में वापसी का दावा कर रही थी, लेकिन जनता ने लगातार तीसरी बार भाजपा को मौका दिया और नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री चुना।
उन्होंने महाराष्ट्र, दिल्ली, बिहार और असम सहित अन्य राज्यों के चुनावों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि लगातार मिल रही चुनावी हार से राहुल गांधी बौखलाए हुए हैं और अब चुनाव आयोग तथा मतदाता सूची के पुनरीक्षण को निशाना बना रहे हैं।
SIR को बताया चुनाव आयोग की संवैधानिक जिम्मेदारी
अमित शाह ने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाना चुनाव आयोग का संवैधानिक दायित्व है। उनके मुताबिक मतदाता सूची में मृत व्यक्तियों, दूसरे राज्यों में स्थानांतरित हो चुके लोगों और एक से अधिक स्थानों पर दर्ज मतदाताओं के नाम जैसी विसंगतियां मौजूद हैं।
उन्होंने दावा किया कि लगभग 10 करोड़ नामों से जुड़ी ऐसी विसंगतियां हैं। इसके अतिरिक्त करीब तीन करोड़ ऐसे लोगों का मुद्दा है, जो सत्यापन के लिए सामने नहीं आ रहे हैं।
शाह ने आरोप लगाया कि इनमें घुसपैठिए भी शामिल हैं और विपक्ष उनके नाम मतदाता सूची से हटाए जाने का विरोध कर रहा है।
घुसपैठियों को लेकर कांग्रेस पर हमला
गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प स्पष्ट है कि घुसपैठियों की पहचान की जाए, उनके नाम मतदाता सूची से हटाए जाएं और कानून के अनुसार उन्हें देश से बाहर किया जाए।
उन्होंने कांग्रेस पर घुसपैठियों को बचाने की राजनीति करने का आरोप लगाया। शाह ने कहा कि यह केवल वोट बचाने का मामला नहीं, बल्कि घुसपैठियों को संरक्षण देने की राजनीति है।
संसद में चर्चा से क्यों बच रही कांग्रेस?
अमित शाह ने राहुल गांधी पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि संसद लोकतंत्र का सर्वोच्च मंच है। यदि विपक्ष को SIR पर कोई आपत्ति है तो उसे संसद में चर्चा करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा संसद से लेकर विधानसभा और गांव-खेत तक कांग्रेस के आरोपों का जवाब देगी।
कांग्रेस के बूथ प्रतिनिधियों पर भी उठाए सवाल
अमित शाह ने कहा कि चुनाव आयोग ने सभी राजनीतिक दलों को बूथ स्तर पर अपने प्रतिनिधि नियुक्त करने का अवसर दिया था। ऐसे में कांग्रेस के प्रतिनिधियों ने उस समय अपनी जिम्मेदारी क्यों नहीं निभाई?
उन्होंने मतदाता सूची में उम्र और पारिवारिक विवरण से जुड़ी कथित विसंगतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी त्रुटियों को दूर करना आवश्यक है।
मंच पर मौजूद रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता
इस कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष स्मृति ईरानी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
अमित शाह ने अपने संबोधन की शुरुआत भारत माता की जय और जय श्रीराम के नारों के साथ की।




