
MCX Gold Rate : नया वित्त वर्ष 2026-27 शुरू होते ही सर्राफा बाजार में हलचल तेज हो गई है। बुधवार को घरेलू कमोडिटी मार्केट MCX खुलते ही सोने के भाव में ₹2,500 से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई, जबकि शुरुआत में चांदी के दाम में करीब ₹1,700 की गिरावट देखने को मिली। हालांकि कुछ ही देर में चांदी ने भी रिकवरी करते हुए तेजी पकड़ ली। इस उतार-चढ़ाव के पीछे वैश्विक घटनाक्रम और निवेशकों की बदलती रणनीति को वजह माना जा रहा है।
ट्रंप के बयान से बाजार में हलचल
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान का असर भी बाजार पर साफ दिखा। उन्होंने संकेत दिया कि अमेरिकी सेना अगले 2-3 हफ्तों में ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई रोक सकती है। इस बयान के बाद शेयर बाजार में तेजी आई और सेंसेक्स 2% से ज्यादा उछल गया, जबकि कमोडिटी बाजार में सोने-चांदी के भाव अलग-अलग दिशा में चलते दिखे। एक्सपर्ट्स भी इस असामान्य मूवमेंट से हैरान हैं।
प्रमुख शहरों में सोने के ताजा भाव
भारतीय बाजार में 1 अप्रैल को सोने की कीमतों में बड़ा उछाल देखा गया।
- दिल्ली, जयपुर, अहमदाबाद में 24 कैरेट सोना ₹1,51,630 प्रति 10 ग्राम
- इन शहरों में 22 कैरेट सोना ₹1,39,000 प्रति 10 ग्राम
वहीं अन्य महानगरों में:
- मुंबई, कोलकाता, पुणे, बेंगलुरु में 24 कैरेट सोना ₹1,51,480 प्रति 10 ग्राम
- चेन्नई समेत इन शहरों में 22 कैरेट सोना ₹1,38,850 प्रति 10 ग्राम
शादी-ब्याह के सीजन और वैश्विक अनिश्चितता के कारण कीमतों में यह तेजी बनी हुई है, जिससे आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दिखा असर
ग्लोबल मार्केट में भी सोने की कीमतों में तेजी देखी गई है। स्पॉट गोल्ड की कीमत 0.4% बढ़कर $4,685.79 प्रति औंस पहुंच गई, जबकि शुरुआती कारोबार में इसने $4,723 प्रति औंस का स्तर भी छुआ, जो हाल के दिनों का उच्चतम स्तर है।
वहीं स्पॉट सिल्वर में गिरावट दर्ज की गई और यह 0.8% गिरकर $74.53 प्रति औंस पर आ गया।
क्यों बढ़ रहे हैं सोने-चांदी के दाम?
- डॉलर में कमजोरी
- मध्य पूर्व में तनाव
- वैश्विक अनिश्चितता
- निवेशकों का सुरक्षित निवेश की ओर झुकाव
एक्सपर्ट्स का मानना है कि जब तक पश्चिम एशिया की स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं होती, तब तक सोने-चांदी के दाम में इसी तरह उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।




