
Gas Cylinder Rates India : वैश्विक तेल कीमतों में उछाल और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच बुधवार (1 अप्रैल 2026) को कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बड़ा इजाफा हुआ है। 19 किलोग्राम वाले सिलेंडर के दाम में करीब ₹200 से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। नई दरें लागू होते ही देश के प्रमुख शहरों में गैस महंगी हो गई है, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों पर असर पड़ना तय है।
दिल्ली में 195 रुपये महंगा हुआ सिलेंडर
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 19 किलो वाले कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत अब ₹2078.50 हो गई है, जबकि पहले यह ₹1883 में मिल रहा था। यानी यहां ₹195.50 की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि राहत की बात यह है कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 14.2 किलोग्राम वाले रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है और यह ₹913 पर स्थिर है।
अन्य महानगरों में भी बढ़े दाम
देश के अन्य बड़े शहरों में भी कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम में तेज बढ़ोतरी देखी गई है:
- मुंबई: ₹1835 → ₹2031 (₹196 की बढ़ोतरी)
- कोलकाता: ₹1990 → ₹2208 (₹218 की बढ़ोतरी)
- चेन्नई: ₹2043.50 → ₹2246.50 (₹203 की बढ़ोतरी)
इन शहरों में कीमतों में वृद्धि से व्यापारिक गतिविधियों पर असर पड़ सकता है, खासकर फूड इंडस्ट्री में लागत बढ़ने की संभावना है।
पहले भी बढ़ चुके हैं दाम
गौरतलब है कि इससे पहले 1 मार्च 2026 को भी कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में ₹114.5 की बढ़ोतरी की गई थी। यानी लगातार दूसरे महीने कीमतों में इजाफा हुआ है, जिससे बाजार पर दबाव बढ़ता जा रहा है।
क्यों बढ़े LPG के दाम?
तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों और डॉलर-रुपया विनिमय दर के आधार पर एलपीजी और एटीएफ की कीमतों में संशोधन करती हैं। इस बार वैश्विक स्तर पर तेल महंगा होने और भू-राजनीतिक तनाव के कारण कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिली है।




