बिहारराजनीति

Bihar Election 2025 : बिहार चुनाव प्रचार के अंतिम दिन योगी आदित्यनाथ का विपक्ष पर प्रहार: “जो अपराध करेगा, उसका टिकट यमलोक तक पक्का”

Yogi Adityanath : बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के अंतिम दिन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुपौल के एनएच-27 किनारे स्थित भीमपुर हाई स्कूल मैदान में भाजपा उम्मीदवार के समर्थन में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया।
अपने भाषण की शुरुआत से ही योगी ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा और कहा —

“उत्तर प्रदेश में अपराधी अब बुलडोजर से डरते हैं, इसलिए आज बेटियां और व्यापारी बेखौफ जीवन जी रहे हैं। जो अपराध करेगा, उसका टिकट यमलोक तक पक्का है।”

‘राजद शासनकाल में था अपहरण का जंगलराज’

सीएम योगी ने राजद के शासनकाल को याद करते हुए कहा कि उस दौर में बिहार में 30 हजार से अधिक अपहरण के मामले दर्ज हुए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि “बिहार को जानबूझकर जंगलराज में धकेला गया था,” जहां न इंजीनियर सुरक्षित थे, न डॉक्टर और न ही बेटियां।

‘मोदी सरकार की योजनाओं से बदला गरीब का जीवन’

योगी ने केंद्र की योजनाओं की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों और वंचितों के जीवन में ऐतिहासिक बदलाव आया है।
उन्होंने बताया —

  • 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन,
  • 50 करोड़ को आयुष्मान योजना से मुफ्त इलाज,
  • 4 करोड़ गरीब परिवारों को पक्के घर,
  • 10 करोड़ परिवारों को उज्ज्वला गैस कनेक्शन,
  • और हर घर नल से पानी की सुविधा दी गई है।

योगी ने कहा कि अब भ्रष्टाचार-मुक्त व्यवस्था में सरकारी सहायता सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रही है, जिससे बिहार विकास की पटरी पर तेजी से बढ़ रहा है।

‘बिहार को फिर जंगलराज में मत जाने देना’

जनसभा में योगी ने जनता से अपील की —

“बिहार को समृद्ध और सुरक्षित बनाए रखने के लिए एनडीए को भारी बहुमत से विजयी बनाएं। अगर बिहार में फिर से सुशासन चाहिए, तो एनडीए को दोबारा सत्ता में लाना होगा।”

सभा में पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन, विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू और भाजपा जिलाध्यक्ष नरेन्द्र ऋषिदेव समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

‘जिन्होंने चारा तक खा लिया, वे अब विकास की बात कर रहे हैं’

राजद पर तंज कसते हुए योगी ने कहा —

“जिन्होंने चारा तक खा लिया, वे आज विकास और रोजगार की बात कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि पिछले दो दशकों में बिहार में सड़क, बिजली, पानी, मेडिकल कॉलेज, एम्स, रेलवे और एयर कनेक्टिविटी के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
योगी ने यह भी कहा कि आज बिहार का युवा यूपीएससी पास कर रहा है, मल्टीनेशनल कंपनियों में काम कर रहा है और अपने स्टार्टअप चला रहा है।

‘मंदिर वहीं बनाया, वादा निभाया’

राम मंदिर के मुद्दे पर योगी आदित्यनाथ ने कहा —

“जब हमने कहा था मंदिर वहीं बनाएंगे, तब लाठियां और गोलियां भी खाईं, लेकिन पीछे नहीं हटे। आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनकर खड़ा है।”
उन्होंने बताया कि अयोध्या से सीतामढ़ी को जोड़ने वाला राम-जानकी मार्ग ₹6,155 करोड़ की लागत से तैयार किया जा रहा है।

बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत 11 नवंबर को मतदान होगा, जबकि नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। पहले चरण के तहत 6 नवंबर को वोटिंग पूरी हो चुकी है।

REPUBLIC NOW

Republicnow.in एक स्वतंत्र डिजिटल न्यूज़ चैनल है, जो आपको सबसे तेज और सटीक खबरें प्रदान करता है। हमारा लक्ष्य है कि हम दुनिया भर की महत्वपूर्ण और प्रासंगिक खबरें आप तक पहुँचाएँ। राजनीति, मनोरंजन, खेल, बिज़नेस, टेक्नोलॉजी, और अन्य विषयों पर हमारी निष्पक्ष और प्रमाणिक रिपोर्टिंग हमें सबसे अलग बनाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button