नई दिल्लीअपराध व घटना

दिल्‍ली से पटना आ रहा विमान हुआ एयर टर्बुलेंस का शिकार, क्रू सदस्‍यों समेत कई घायल

नई दिल्ली – नई दिल्ली से पटना आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI-415 को एयर टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा। सोमवार शाम तेज हवा के झोंके में आकर एयर इंडिया की फ्लाइट असंतुलित हो गई। इससे कुछ यात्री और क्रू मेंबर आंशिक रूप से चोटिल हो गए थे। विमान लैंड करने वाला ही था कि हवा के झोंके से यह असंतुलित हो गया। इसके बाद पायलट ने लैंडिंग न करते हुए विमान को ऊपर ले लिया।

हवा में चक्कर काटता रहा विमान
लगभग 15 मिनट तक हवा में चक्कर काटने के बाद जब मौसम सामान्य हुआ, तब पायलट ने शाम पौने सात बजे इसे लैंड कराया। इस घटना के बाद विमान में अफरातफरी मची रही।

डीजीसीए को घटना की प्रारंभिक रिपोर्ट भेज दी गई है। विमान को पटना एयरपोर्ट पर ही रखा गया है। मरम्मत के उपरांत डीजीसीए से अनुमति मिलने से इसे गंतव्य के लिए रवाना किया जाएगा।

असंतुलित होकर गिर पड़े क्रू मेंबर
जानकारी के मुताबिक, झटका इतना तेज था कि शौचालय के दरवाजे में दरार आ गई। कुछ यात्री सीट से ऊपर उछल गए। इसमें एक यात्री के सिर में चोट लगने की बात भी कही जा रही है। फ्लाइट में खड़े क्रू मेंबर भी असंतुलित होकर गिर पड़े।

अटकी रही यात्रियों की सांसे
गनीमत रही कि फ्लाइट के अंदर लगेज सेक्शन का लॉक नहीं खुला वरना यात्रियों के ऊपर सामान गिर जाता। विमान में क्रू मेंबर के अलावा 122 यात्री सवार थे। उनका कहना था कि विमान जब तक हवा में मंडराता रहा, तब तक लोगों की सांसें अटकी थीं। लैडिंग के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। इस संबंध में अधिकारियों ने कुछ भी कहने से परहेज किया।

एटीसी से नहीं मिली खराब मौसम जानकारी
बताया जाता है कि फ्लाइट रनवे पर लैंड करने वाली थी कि वह हवा के तेज झोंके से टकरा गई। इससे विमान में कंपन हुआ। एटीसी ने भी खराब मौसम की जानकारी नहीं दी थी। विमान में मौसम के बदलाव की जानकारी देने वाला अर्ली वार्निंग सिस्टम भी परिवर्तन को भांप नहीं सका। ऐसे में झटका महसूस होते ही पायलट ने लैंड अबार्ट कर फ्लाइट की गति बढ़ा दी और विमान को ऊपर उठा लिया। लैंड अबार्ट का मतलब यह कि विमान को उतारते-उतारते रोक दिया। एयरक्राफ्ट इंजीनियर रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं।

REPUBLIC NOW

Republicnow.in एक स्वतंत्र डिजिटल न्यूज़ चैनल है, जो आपको सबसे तेज और सटीक खबरें प्रदान करता है। हमारा लक्ष्य है कि हम दुनिया भर की महत्वपूर्ण और प्रासंगिक खबरें आप तक पहुँचाएँ। राजनीति, मनोरंजन, खेल, बिज़नेस, टेक्नोलॉजी, और अन्य विषयों पर हमारी निष्पक्ष और प्रमाणिक रिपोर्टिंग हमें सबसे अलग बनाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button