Weather Update Today : ओले-बारिश के साथ बीतेगा फरवरी का आखिरी दिन, बदल रहा है मौसम का मिजाज, जानिए आज के मौसम का हाल

नई दिल्ली – Weather Update Today : उत्तर भारत में मौसम एक बार फिर करवट ले चुका है। लोग सर्दी को बाय-बाय कह रहे हैं। हालांकि, इसी बीच बारिश परेशानी बढ़ा रही है। रिपोर्ट के अनुसार आज मौसम सुहाना होगा। कई जगहों पर ओले (Hailstorm) गिरने की भी संभावना है। इसका असर कई राज्यों में देखने को मिल सकता है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में बीते 24 घंटे में हल्की से मीडियम बारिश (Rainfall) हुई। वहीं कई जगहों पर ओले भी गिरे। पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और सेंट्रल महाराष्ट्र में एक या दो इलाकों में हल्की बारिश हुई।
तो आइए आज के मौसम के हाल के बारे में जानते हैं।
अगले 24 घंटे में कैसा होगा मौसम?
स्काईमेट वेदर रिपोर्ट के अनुसार, 1 से 3 मार्च के बीच वेस्टर्न हिमालयी इलाके में गरज और बिजली के साथ हल्की से मीडियम बारिश होगी। इसके साथ ही बर्फबारी की भी संभावना है। 1 मार्च को जम्मू-कश्मीर, गिलगिट बाल्टिस्तान, लद्दाख, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं, 2 मार्च को अलग-अलग इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश और बर्फबारी की भी संभवना है।
उत्तरांखड-हिमाचल में गिर सकते है ओले
2 मार्च को उत्तराखंड में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने के आसार है। इसके अलावा बर्फबारी भी संभव है। वहीं, पंजाब में भी 2 मार्च को हल्की से बारिश के साथ – साथ कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। 1 से 3 मार्च के बीच उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में ओले भी गिरने के आसार हैं।
बारिश और ओले से मार्च महीने का होगा स्वागत
इसके अलावा, 1 मार्च को राजस्थान में, 2 मार्च को पंजाब-हरियाणा में, और 2-3 मार्च को यूपी में बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा एक-दो जगहों पर ओले गिर सकते हैं। बात साफ है कि फरवरी तो जा रही है लेकिन मार्च का स्वागत भी बारिश और ओले के साथ ही होने वाला है।
दिल्ली के मौसम का हाल
मौसम विभाग की मानें तो देश की राजधानी में आज आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं। वहीं, अगर तापमान की बात करें तो न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। आइएमडी की मानें तो 01 और 02 मार्च को नई दिल्ली में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
उत्तर प्रदेश के मौसम का हाल
मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, 29 फरवरी को लखनऊ में आसमान साफ रहेगा। वहीं, न्यूनतम तापमान 12 डिग्री और अधिकतम तापमान 29 डिग्री दर्ज किया जाएगा। मौसम विभाग की मानें तो 01 मार्च को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं, 02 मार्च को कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी एक मार्च को हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है।