UP CRIME NEWS : फिरोजाबाद में दरोगा की गोली मारकर हत्या, केस की जांच कर लौट रहे थे दिनेश मिश्रा

UP CRIME NEWS : फिराजोबाद में गुरुवार की रात एक दरोगा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दरोगा की पहचान दिनेश मिश्रा (55) के रूप में हुई है। उन्हें अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने उस समय गोली मारी, जब वो एक केस की जांच कर वापस अपनी बाइक से थाने लौट रहे थे। इस हत्याकांड के बाद फिरोजाबाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। दरोगा के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्चरी में रखवा दिया गया है। वहीं उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है।
पूरा मामला फिरोजाबाद के थाना अरांव क्षेत्र का है। यहां पैगू मार्ग पर अरांव थाने में तैनात दिनेश मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम देकर बदमाश मौके से फरार हो गए। बदमाशों ने उनके गले पर गोली मारी है। दिनेश मिश्रा दरोगा दिनेश मिश्रा चंदपुरा चौकी के प्रभारी थे। वह अरांव थाना क्षेत्र के चंदपुरा गांव में दहेज हत्या के एक मामले की जांच के लिए अपने परिचित धीरज शर्मा के साथ बाइक से गए थे।
वहां से लौटते समय चंदपुरा गांव के पास ही अरांव-पीथेपुरा मार्ग पर उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर बाइक पर आए थे और वारदात को अंजाम देकर भाग गए। एसपी के निर्देश पर हत्यारों को दबोचने के लिए SOG समेत चार टीमों का गठन किया गया है।
दिनेश मिश्रा कन्नौज के थाना इंदरगढ़ क्षेत्र के गांव सदातपुर के मूल निवासी थे। कुछ समय पहले ही वह हेड कॉन्स्टेबल से दरोगा बने थे। SP ग्रामीण ने बताया दिनेश मिश्रा विवेचना के कार्य से अपने क्षेत्र में गए थे। वहां से लौटते समय अज्ञात लोगों ने उन पर हमला कर दिया। उनके गले में गोली लगी है। मौके पर फोरेंसिक टीम पहुंच गई है।