Jammu : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 90 इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का किया उद्घाटन, बीआरओ सशस्त्र बलों का ‘Bro’ है,जम्मू में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिया बयान

जम्मू – रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बॉर्डर रोड ऑर्गनाइजेशन (BRO) द्वारा विकसित बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन करने के लिए जम्मू पहुंचे। वहां उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने उनका स्वागत किया। इस दौरान रक्षा मंत्री ने सांबा जिले से वर्चुअल मोड के जरिए पूर्वी लद्दाख में न्योमा हवाई क्षेत्र की नींव रखी।
इस कार्यक्रम में राजनाथ सिंह ने कहा कि पिछले 2.5 वर्षों में बीआरओ ने 205 परियोजनाएं पूरी कीं और आज हम 90 और परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इस तरह पिछले 2.5 वर्षों में कुल 295 परियोजनाएं पूरी की गई हैं।
गेम चेंजर साबित होगा यह प्रोजेक्ट
उन्होंने कहा कि आज इस शुभ अवसर पर BRO, पूर्वी लद्दाख के न्योमा में, एयरफील्ड पर भी काम शुरू करने जा रहा है। इसे लद्दाख में अग्रिम चौकियों पर तैनात सैनिकों के लिए स्टेजिंग ग्राउंड के रूप में विकसित किया जाएगा। यह दुनिया के सबसे ऊंचे हवाई क्षेत्रों में से एक होगा, जो हमारे सशस्त्र बलों के लिए एक गेम चेंजर जैसा होगा।
सशस्त्र बलों का ‘BRO’ है बीआरओ
राजनाथ सिंह ने कहा कि बीआरओ सशस्त्र बलों का ‘ब्रो’ है। साथ ही उन्होंने कहा कि बीआरओ ने असाधारण काम किया है। उनके प्रति मेरा आभार। रक्षा मंत्री ने कहा कि हमने बीआरओ परियोजनाओं से लालफीताशाही हटा दी है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने “BRO” की सराहना की
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को सीमा सड़क संगठन (BRO) की सेवा की सराहना की और कहा कि किसी परियोजना को समय पर पूरा करना संगठन की प्रतिबद्धता के कारण संभव हुआ है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आपकी असली उपलब्धि यह है कि आपने अपने प्रयास ने मुश्किल को भी आसान बना दिया। देश के नागरिकों ने सीमा क्षेत्र के विकास को एक उपलब्धि के रूप में लेना बंद कर दिया है, लेकिन यह उनके लिए सामान्य हो गया है।
90 इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का किया उद्घाटन
राजनाथ सिंह ने सीमा सड़क संगठन ( बीआरओ) द्वारा निर्मित 90 इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं का उद्घाटन किया और उसे देश को समर्पित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि एक महत्वाकांक्षी परियोजना शुरू करना और इसे समय पर पूरा करना नए भारत के लिए एक सामान्य बात है। उन्होंने आगे कहा कि बीआरओ को सड़कों की मदद से सिर्फ जगहों को ही नहीं बल्कि लोगों के दिलों को भी जोड़ना चाहिए।
“आपका काम सिर्फ सड़कें बनाकर एक जगह को दूसरी जगह से जोड़ना नहीं है, बल्कि साथ ही आपको अपने कार्यों से लोगों के दिलों को भी जोड़ना है। मेरा मानना है कि निर्माण ऐसा होना चाहिए जो जनता के लिए, जनता का और जनता द्वारा की भावना से प्रेरित हो।”
प्रोजेक्ट में स्थानीय लोगों को किया जाए शामिल
राजनाथ सिंह ने आगे कहा कि एक संस्था के तौर पर बीआरओ को सीमावर्ती इलाकों में चल रहे किसी भी प्रोजेक्ट में स्थानीय निकायों और लोगों के साथ लगातार काम करना होगा। “आप उन्हें अपने प्रोजेक्ट में शामिल करें, उनसे बात करते रहें, उनकी जरूरतों को समझें और उनसे इनपुट भी लें। अगर आप ऐसा करेंगे तो उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और आपका काम भी आसान हो जाएगा।”
2941 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुई परियोजनाएं
राजनाथ सिंह आज दिन में जम्मू पहुंचे और हवाई अड्डे पर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने उनका स्वागत किया। वह देवक ब्रिज पर आयोजित एक समारोह में सीमा सड़क संगठन (BRO) द्वारा 2941 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 90 बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को देश को समर्पित करेंगे।
आधिकारिक बयान में कहा गया है कि परियोजनाओं का निर्माण 10 सीमावर्ती राज्यों और उत्तरी और उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों के केंद्र शासित प्रदेशों में किया गया है। जम्मू-कश्मीर में बिश्नाह-कौलपुर-फूलपुर रोड पर देवक ब्रिज पर सीमा सड़क संगठन द्वारा आयोजित एक समारोह में , राज नाथ सिंह 22 सड़कों, 63 पुलों, अरुणाचल प्रदेश में नेचिफू सुरंग, पश्चिम बंगाल में दो हवाई क्षेत्रों का उद्घाटन करेंगे।
बीआरओ ने इन महत्वपूर्ण रणनीतिक परियोजनाओं का निर्माण रिकॉर्ड समय सीमा में पूरा किया और इनमें से कई परियोजनाओं का निर्माण अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग करके एक ही कार्य सत्र में किया गया है।
राजनाथ सिंह ने राज्य सरकारों को दी बधाई
इन परियोजनाओं में से 11 जम्मू-कश्मीर में, 26 लद्दाख में, 36 अरुणाचल प्रदेश में, 5 मिजोरम में, 3 हिमाचल प्रदेश में, 2-2 सिक्किम, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में और 1-1 नागालैंड, राजस्थान में बनाई गई हैं।
हालांकि, कार्यक्रम में आगे बोलते हुए सिंह ने कहा, “भारत की सीमाओं की रक्षा के लिए हम सभी को मिलकर काम करना होगा। और साथियों, इसमें हमें सबका सहयोग मिल रहा है।
इसका उदाहरण आप इन परियोजनाओं में भी देख सकते हैं, कई राज्यों में अलग-अलग सत्तारूढ़ दल हैं, लेकिन सीमावर्ती क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे के निर्माण में हम सभी एक-दूसरे का समर्थन करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। मैं अपनी ओर से सभी राज्य सरकारों को भी इस सहयोग के लिए बधाई देता हूं।
‘हम एक दुश्मन का सामना करने के लिए एकजुट हैं’
इस कार्यक्रम के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मैं सीमा बुनियादी ढांचे के लिए अपना समर्थन देने के लिए सभी राज्य सरकारों को धन्यवाद देना चाहता हूं। इससे पता चलता है कि हमारे बीच मतभेद हो सकते हैं, लेकिन जब राष्ट्र की बात आती है तो हम सभी एक हैं। हम दुश्मन का सामना करने के लिए एकजुट हैं।